नयी दिल्ली, एक सितंबर दिल्ली उच्च न्यायालय ने जी20 शिखर सम्मेलन के कारण (उच्च) न्यायालय और यहां की सभी जिला अदालतों के लिए आठ सितंबर को छुट्टी घोषित कर दी है।
जी20 शिखर सम्मेलन नौ और 10 सितंबर को दिल्ली में होगा।
दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा शुक्रवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘सभी संबंधितों को जानकारी के लिए सूचित किया जाता है कि 9-10 सितंबर, 2023 को आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के कारण इस अदालत और इसके अधीनस्थ अदालतों के लिए शुक्रवार, आठ सितंबर, 2023 को अवकाश घोषित किया जाता है।’’
शनिवार और रविवार होने के कारण, नौ और 10 सितंबर ऐसे दिन हैं जब उच्च न्यायालय आमतौर पर बंद रहता है। निचली अदालतें भी दूसरे शनिवार और सभी रविवार को बंद रहती हैं।
उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल रवींद्र डुडेजा के माध्यम से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि इसके बदले, उच्च न्यायालय 16 दिसंबर (शनिवार) को और निचली अदालतें 9 दिसंबर (दूसरे शनिवार) को बैठेंगी।
इसमें कहा गया है कि 8 सितंबर को उच्च न्यायालय और निचली अदालतों के समक्ष आदेशों और निर्णयों सहित सूचीबद्ध मामलों पर, 11 सितंबर को उस दिन पहले से सूचीबद्ध मामलों के अलावा, सुनवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY