देश की खबरें | विवादास्पद मुद्दे पर नहीं, सतत व समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहे जी20 शेरपा : अमिताभ कांत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. यूक्रेन संघर्ष के विवादास्पद मुद्दे को अलग रखते हुए जी20 देशों के शीर्ष वार्ताकारों ने बृहस्पतिवार को समावेशी वैश्विक विकास सुनिश्चित करने एवं ‘‘वैश्विक दक्षिण’’ की चुनौतियों के हल की भारत की प्राथमिकता पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यापक वार्ता शुरू की।

हम्पी (कर्नाटक), 13 जुलाई यूक्रेन संघर्ष के विवादास्पद मुद्दे को अलग रखते हुए जी20 देशों के शीर्ष वार्ताकारों ने बृहस्पतिवार को समावेशी वैश्विक विकास सुनिश्चित करने एवं ‘‘वैश्विक दक्षिण’’ की चुनौतियों के हल की भारत की प्राथमिकता पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यापक वार्ता शुरू की।

सितंबर में समूह के वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए परिणामी दस्तावेजों पर आम सहमति बनाने की भारत के सामने मौजूद कठिन चुनौती के बीच, भारतीय जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने कहा कि तत्काल प्राथमिकता विकास, वित्त और डिजिटल परिवर्तन के "महत्वाकांक्षी" मुद्दों पर गौर करना है।

जी20 सदस्य देशों के शीर्ष वार्ताकारों, आमंत्रित देशों और विभिन्न प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को इस आध्यात्मिक शहर में तीन दिवसीय विचार-विमर्श शुरू किया।

कांत ने कहा कि जी20 में अफ्रीकी संघ को शामिल करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्ताव पर आम सहमति बनाना भी भारत की अध्यक्षता में समूह की होने वाली तीसरी शेरपा बैठक में अहम मुद्दा होगा।

उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "हम यहां विवादास्पद मुद्दे में नहीं पड़े हैं। हम विकास, वित्त और प्रगति के महत्वाकांक्षी मुद्दों पर विचार कर रहे हैं।"

जी20 समूह दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतरसरकारी मंच है। समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\