देश की खबरें | जी20 देशों को मतभेदों से ऊपर उठकर वैश्विक चुनौतियों से निपटना चाहिए: भारत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने जी20 देशों से “मतभेदों से ऊपर उठने” और अपनी सामूहिक विशेषज्ञताओं का इस्तेमाल करते हुए दुनिया के सामने मौजूद जलवायु परिवर्तन, साइबर सुरक्षा और जल की कमी जैसी चुनौतियों से निपटने का बुधवार को आग्रह किया।
मुंबई, पांच जुलाई भारत ने जी20 देशों से “मतभेदों से ऊपर उठने” और अपनी सामूहिक विशेषज्ञताओं का इस्तेमाल करते हुए दुनिया के सामने मौजूद जलवायु परिवर्तन, साइबर सुरक्षा और जल की कमी जैसी चुनौतियों से निपटने का बुधवार को आग्रह किया।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने यहां जी20 विज्ञान मंत्रियों की बैठक में अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि भारत आज के समय की जटिल चुनौतियों से निपटने में वैश्विक सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान के महत्व को पहचानता है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस बारे में बात की है।
सिंह ने जी20 देशों से नवाचार की संस्कृति, सतत विकास को बढ़ावा देने और सभी के लिए समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए अपने सामूहिक ज्ञान, विशेषज्ञता और संसाधनों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जी20 देशों को "मतभेदों से ऊपर उठना चाहिए" और एक परिवार की भावना से दुनिया के सामने आने वाली वैश्विक चुनौतियों का समाधान करना चाहिए।
सिंह ने कहा कि इस समूह के पास प्रमुख वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने की क्षमता है जैसा कि उसने हाल में कोविड-19 महामारी का मुकाबला करते हुए किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान, हम बेहतर कल के लिए वैश्विक अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
सिंह ने कहा कि जी20 समूह को समूह के बाहर के देशों में भी चक्रवात, सुनामी, भूस्खलन, जंगल की आग जैसी विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के पूर्वानुमानों और निगरानी के लिए प्रौद्योगिकियों को साझा करना चाहिए, ताकि वे आपदाओं के खिलाफ स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार कर सकें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)