देश की खबरें | ‘मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना’ में मार्च माह से हवाई जहाज से भी करायेंगे तीर्थ-दर्शन: चौहान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ‘मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना’ में इस साल मार्च माह से बुजुर्गों को हवाई जहाज से भी तीर्थ दर्शन कराएगी।
भोपाल, पांच फरवरी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ‘मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना’ में इस साल मार्च माह से बुजुर्गों को हवाई जहाज से भी तीर्थ दर्शन कराएगी।
उन्होंने भिंड में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में हम मार्च माह से बुजुर्गो को हवाई जहाज से भी तीर्थ-दर्शन कराएंगे।’’
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, संत रविदास जी के जन्म-स्थल को भी मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से जोड़ा जाएगा।
मालूम हो कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा 60 वर्ष से ज्यादा आयु वाले नागरिकों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का आरंभ किया गया है। इस योजना के अंतर्गत देश के तीर्थ स्थल की निशुल्क यात्रा सरकार की ओर से करायी जाती है।
चौहान भिंड जिले में विकास यात्रा की शुरूआत, मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में स्वीकृति-पत्र वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने विकास यात्रा के रथों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। साथ ही विकास यात्रा के गीत का अनावरण किया।
इस अवसर पर चौहान ने भिण्ड में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत करने और भिण्ड नगरपालिका को नगर निगम बनाने की घोषणा भी की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)