क्योंझर (ओडिशा), 13 अप्रैल ओडिशा के क्योंझर जिले के जोडा शहर में दो समूहों के लोगों के बीच हुए ताजा संघर्ष में एक लड़का घायल हो गया और पुलिस और दमकल की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। हालांकि इलाके में आपराधिक दंड संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शहर में रामनवमी के जुलूस के दौरान दो समुदाय के लोगों के बीच हुई हिंसा के एक दिन बाद मंगलवार रात को यह घटना हुई।
क्योंझर जिला पुलिस ने बुधवार को अशांत जोडा इलाके में फ्लैग मार्च किया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
दोनों गुटों ने मंगलवार रात को एक दूसरे पर पथराव किया और शहीद नगर चौक पर जोड़ा-बनिकाला मार्ग को जाम कर दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “आगामी हनुमान जयंती समारोह के मद्देनजर सुरक्षा बलों के 19 प्लाटून (एक प्लाटून में 30 कर्मी शामिल हैं) को कस्बे में तैनात किया गया है। प्रशासन ने इसके अलावा निषेधाज्ञा की अवधि को भी 24 घंटे के लिए बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे तक बढ़ा दिया है।’’
सोमवार को रामनवमी के जुलूस के दौरान दो समूहों के लोगों के बीच हुई झड़प के बाद से सभी शैक्षणिक संस्थान, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद हैं।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक 11 अप्रैल को हुई हिंसा में कम से कम 12 लोग घायल हो गए थे और कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे।
क्योंझर जिले में इंटरनेट सेवाएं लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी निलंबित रहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY