एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि श्रीनगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। रात भर हुई बारिश के कारण घाटी में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

देश की खबरें | कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी

श्रीनगर, तीन फरवरी कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि श्रीनगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। रात भर हुई बारिश के कारण घाटी में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि घाटी के उत्तर और दक्षिण हिस्सों में स्थित पर्यटन स्थलों गुलमर्ग और पहलगाम में छह-छह इंच से अधिक ताजा बर्फबारी हुई, जबकि गांदरबल जिले में करीब पांच इंच बर्फबारी हुई। बारामूला, कुपवाड़ा और घाटी के अन्य हिस्सों में भी बुधवार से भारी हिमपात जारी है।

श्रीनगर जिले में ज़बरवां रेंज के पास फकीर गुजरी इलाके में भी ताजा बर्फबारी हुई और कल रात जिले के बाकी हिस्सों में बारिश हुई। वर्षा के कारण पूरे कश्मीर में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अधिकारियों ने अगले 48 घंटों तक मौसम के नम रहने की संभावना जताई है।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापामन 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां एक दिन पहले तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस था। उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग रिज़ॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यहां तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे था। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि एक दिन पहले यहां तापमान शून्य से 6.1 सेल्सियस नीचे था।

अधिकारियों ने बताया कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

कश्मीर में 40 दिनों के 'चिल्लई कलां' का दौर 21 दिसंबर से शुरू हुआ था, जो 31 जनवरी को खत्म हो गया। अब 20 दिनों का ‘चिल्लई-खुर्द’ चल रहा है और फिर 10 दिनों का ‘चिल्लई बच्चा’ का दौर शुरू होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 03, 2022 03:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).