देश की खबरें | कलबुर्गी नगर निगम चुनावों में खंडित जनादेश : बोम्मई को भाजपा का महापौर बनने का भरोसा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर कर्नाटक के कलबुर्गी में हाल में संपन्न नगर निगम चुनाव में खंडित जनादेश मिलने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को भरोसा जताया कि वहां भाजपा का ही महापौर होगा। वहीं, जनता दल (सेक्युलर) ने अपने चार पार्षदों को खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए एक फॉर्महाउस में एकजुट करके रखा है।
बेंगलुरु, नौ सितंबर उत्तर कर्नाटक के कलबुर्गी में हाल में संपन्न नगर निगम चुनाव में खंडित जनादेश मिलने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को भरोसा जताया कि वहां भाजपा का ही महापौर होगा। वहीं, जनता दल (सेक्युलर) ने अपने चार पार्षदों को खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए एक फॉर्महाउस में एकजुट करके रखा है।
55 सदस्यीय कलबुर्गी नगर निकाय के हालिया चुनावों में किसी भी दल को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला है। इसमें कांग्रेस को 27, भारतीय जनता पार्टी को 23, जद (एस) को चार सीट पर और एक निर्दलीय को जीत मिली है।
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को भरोसा जताया कि कलबुर्गी नगर निगम में भाजपा का ही महापौर होगा। उन्होंने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय पर नियंत्रण हासिल करने के लिए जद(एस) के साथ गठबंधन पर चर्चा प्रारंभिक चरण में है।
बोम्मई ने इस बारे में संवाददाताओं से कहा, “चर्चा अभी प्रारंभिक चरण में है, मैं अभी कुछ नहीं कहना चाहता। लेकिन एक बात पर यकीन रखिये कि महापौर भाजपा का ही होगा।”
वहीं, जद (एस) के एक पदाधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि पार्षदों को अपनी अपनी ओर करने की कोशिश शुरू हो गई है और दोनों दलों ने उनके पार्षदों के साथ कथित तौर पर संपर्क करना शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि कल से ही, जद (एस) के सभी चार पार्षद रामनगर जिले में पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के फार्महाउस पर हैं।
पदाधिकारी ने कहा, “कांग्रेस और भाजपा ने हमारे पार्षदों को अपने खेमे में लेने की कोशिश शुरू कर दी है, इसलिए कुमारस्वामी ने निर्णय आने तक चारों को बेंगलुरु बुला लिया है।” जद (एस) के पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पार्षद को कथित तौर पर 50 लाख रुपये की पेशकश की गई है।
इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील के बृहस्पतिवार को कलबुर्गी का दौरा करने पर अफवाहें फैल गईं कि 'ऑपरेशन कमल' शुरू हो गया है। उन्होंने कथित तौर पर वहां भाजपा का महापौर चुने जाने को लेकर पार्टी के स्थानीय विधायकों और नेताओं के साथ बैठक की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)