एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | चौदह साल की धीनिधि ने तैराकी में चौथे स्वर्ण के साथ राष्ट्रीय खेलों में दबदबा कायम किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. चौदह वर्षीय प्रतिभाशाली तैराक धीनिधि देसिंघु ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां महिलाओं की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में जीत के साथ चौथा स्वर्ण पदक हासिल किया तो वही मणिपुर की एस बिंद्यारानी देवी ने भारोत्तोलन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया।

खेल की खबरें | चौदह साल की धीनिधि ने तैराकी में चौथे स्वर्ण के साथ राष्ट्रीय खेलों में दबदबा कायम किया

देहरादून / हलद्वानी, 31 जनवरी चौदह वर्षीय प्रतिभाशाली तैराक धीनिधि देसिंघु ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां महिलाओं की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में जीत के साथ चौथा स्वर्ण पदक हासिल किया तो वही मणिपुर की एस बिंद्यारानी देवी ने भारोत्तोलन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया।

  कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करने वाली धीनिधि ने हलद्वानी 26.96 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि उनकी टीम की साथी नीना वेंकटेश ने कांस्य (27.34 सेकंड) और महाराष्ट्र की अवंतिका चव्हाण ने रजत (27.28 सेकंड) जीता।

धीनिधि ने इससे पहले महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर बटरफ्लाई और 4 गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में जीत हासिल कर मौजूदा खेलों में अब तक असाधारण प्रदर्शन किया है।

कर्नाटक के शॉन गांगुली ने पुरुषों की 400 मीटर मेडले में 4:29.10 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि गुजरात के आर्यन नेहरा (4:31.81) और मध्य प्रदेश के अद्वैत पेज (4:35.83) ने क्रमशः रजत और कांस्य हासिल किया।

महाराष्ट्र के मिहिर अंब्रे ने पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल (23.29 सेकेंड) में स्वर्ण पदक जीता, जबकि कर्नाटक के दो बार के ओलंपियन श्रीहरि नटराज (23.37 सेकेंड) दूसरे और तमिलनाडु के जोशुआ थॉमस (23.40 सेकेंड) तीसरे स्थान पर रहे।

ऋषभ दास ने पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक में 2:03.34 मिनट का समय लेकर महाराष्ट्र के स्वर्ण पदक में इजाफा किया, जबकि तमिलनाडु के निथिक नाथेला (2:04.75) और गुजरात के देवांश परमार (2:06.56) ने रजत और कांस्य पदक जीता।

मणिपुर की स्टार भारोत्तोलक बिंद्यारानी देवी ने महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग के स्नैच में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता।

  राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता बिंद्यारानी ने स्नैच में अपने अंतिम प्रयास में 88 किग्रा वजन उठाकर मीराबाई चानू का 86 किग्रा का रिकॉर्ड तोड़ा।

मीराबाई का पसंदीदा वजन वर्ग हालांकि 49 किग्रा है और उन्होंने कुछ समय के लिए 55 किग्रा में भाग लिया था।

बिंद्यारानी का दबदबा क्लीन एवं जर्क में भी जारी रहा, जहां उन्होंने अपने आखिरी प्रयास में 113 किग्रा वजन उठाकर वापसी की। इस तरह से उन्होंने कुल 201 किग्रा वजन उठाया जो उनके राष्ट्रीय रिकॉर्ड 202 किग्रा से सिर्फ एक किलोग्राम कम है।

बिंद्यारानी के नाम पर अब महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में तीनों राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्नैच, क्लीन एवं जर्क और कुल योग दर्ज हैं।

बिद्यारानी ने कहा, ‘‘मैं इस प्रतियोगिता के लिए अच्छी तरह से तैयार थी और मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। अपने नाम पर कोई रिकॉर्ड दर्ज करना हमेशा अच्छा लगता है। यह अच्छा है कि अब स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों रिकॉर्ड मेरे नाम पर हैं।’’

बंगाल की शरबानी दास ने रजत पदक जबकि मणिपुर की नीलम देवी ने कांस्य पदक जीता। इस तरह से मणिपुर इस स्पर्धा में दो पदक हासिल करने में सफल रहा।

विश्व जूनियर चैंपियन पार्थ माने ने निशानेबाजी प्रतियोगिता में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में महाराष्ट्र के अपने साथी रुद्राक्ष पाटिल को पीछे छोड़कर स्वर्ण पदक जीता।

सेना के किरण जाधव ने कांस्य पदक जीता।

महाराष्ट्र के 17 वर्षीय निशानेबाज माने ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक सीरीज को छोड़कर हर सीरीज में बढ़त बनाए रखी।

माने ने कुल 252.6 अंक बनाए, जो पिछले साल पेरिस ओलंपिक में इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज के प्रदर्शन से 0.4 अंक बेहतर है।

पाटिल ने अपने अंतिम चार शॉट में 42.2 अंक बनाए लेकिन माने ने 42.4 अंक बनाकर उन्हें करारा जवाब दिया और अपने नाम पर स्वर्ण पदक पक्का किया।

पंजाब के अर्जुन बबूता चौथे, दिल्ली के पार्थ मखीजा पांचवें और सेना के संदीप सिंह छठे स्थान पर रहे।

हरियाणा की पुरुष टीम ने रग्बी सेवंस स्पर्धा में फाइनल में महाराष्ट्र को हराया, जबकि ओडिशा की महिला टीम ने बिहार को हराकर स्वर्ण पदक की हैट्रिक पूरी की।

हरियाणा ने पुरुषों के फाइनल में महाराष्ट्र को 22-7 से हराया, जबकि महिलाओं के फाइनल में ओडिशा ने बिहार को 29-5 से रौंदा।

महाराष्ट्र ने मैच की शुरुआत में हरियाणा को बड़ी चुनौती दी और एक समय स्कोर 7-7 की बराबरी पर था। हरियाणा ने हालांकि इसके बाद अपने खेल के स्तर को ऊंचा करते हुए महाराष्ट्र को कोई मौका नहीं दिया।

बिहार ने गोवा में हुए राष्ट्रीय खेलों में ओडिशा की महिला टीम को 12-7 से हराया था लेकिन शुक्रवार को फाइनल में बिहार के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही और ओडिशा ने आसानी से जीत दर्ज कर ली।

पुरुषों के कांस्य पदक मैच में ओडिशा ने 0-10 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए पश्चिम बंगाल को 26-10 से मात दी।

महिलाओं के तीसरे स्थान के मैच में महाराष्ट्र ने दिल्ली को 17-10 से हराया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 31, 2025 09:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).