देश की खबरें | चौदह राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना वायरस संक्रमण की दर राष्ट्रीय औसत से कम : केंद्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारत में कोविड-19 जांच की संख्या 6.6 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है और आज की तारीख में प्रति 10 लाख की आबादी पर नमूनों की जांच की संख्या 48,028 हो गई है। इसके साथ ही देश में संक्रमण की दर का आंकड़ा 8.52 प्रतिशत है।
नयी दिल्ली, 23 सितंबर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारत में कोविड-19 जांच की संख्या 6.6 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है और आज की तारीख में प्रति 10 लाख की आबादी पर नमूनों की जांच की संख्या 48,028 हो गई है। इसके साथ ही देश में संक्रमण की दर का आंकड़ा 8.52 प्रतिशत है।
मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड-19 जांच क्षमता में काफी वृद्धि हुई है और यह अब हर रोज 12 लाख से अधिक हो गई है। कुल 6,62,79,462 नमूनों की 22 सितंबर तक जांच की जा चुकी है। इनमें से 9,53,683 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई।
इसने कहा कि गुजरात, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड, असम, हरियाणा और त्रिपुरा सहित 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोविड-19 के खिलाफ अच्छा काम हो रहा है, जहां संक्रमण की दर राष्ट्रीय औसत से कम है तथा प्रति 10 लाख की आबादी पर जांच की संख्या अधिक है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘अधिक संख्या में जांच किए जाने से संक्रमण के मामलों का शुरू में ही पता चल जाता है। जैसा कि साक्ष्यों से पता चला है कि अंतत: संक्रमण की दर में कमी आएगी। राष्ट्रीय स्तर पर संक्रमण की दर 8.52 प्रतिशत है और आज की तारीख में प्रति 10 लाख की आबादी पर नमूनों की जांच का आंकड़ा 48,028 है।’’
इसने कहा कि देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 83,347 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 74 प्रतिशत 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों-महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, केरल, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से हैं।
मंत्रालय ने कहा कि नए मामलों में से अकेले महाराष्ट्र में 18 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। इसके बाद आंध्र प्रदेश में सात हजार से अधिक और कर्नाटक में छह हजार मामले सामने आए हैं।
भारत में 83,347 नए मामलों के साथ अब तक कोरोना वायरस संक्रमण की जद में आए लोगों की कुल संख्या 56,46,010 हो गई है। इसके साथ ही महामारी से पिछले 24 घंटे में 1,085 लोगों की मौत के साथ मृतक संख्या बढ़कर 90,020 हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 23, 2020 05:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

