एजेंसी न्यूज

UP: आगरा में 100 फुट से अधिक गहरे बोरवेल में गिरा चार साल का बच्चा सुरक्षित बाहर निकाला गया

आगरा के धरियाई गांव में सोमवार को सुबह 100 फुट से अधिक गहरे बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे को नौ घंटे से अधिक समय तक चले बचाव अभियान के दौरान सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

UP: आगरा में 100 फुट से अधिक गहरे बोरवेल में गिरा चार साल का बच्चा सुरक्षित बाहर निकाला गया
बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया (Photo: ANI)

आगरा, 14 जून: आगरा के धरियाई गांव में सोमवार को सुबह 100 फुट से अधिक गहरे बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे को नौ घंटे से अधिक समय तक चले बचाव अभियान के दौरान सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राज्य आपदा मोचन बल के डिप्टी कमांडेंट आनंद ने कहा ‘‘बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उसकी हालत ठीक है.’’

घटना आगरा (ग्रामीण) के फतेहाबाद के निबोहरा थाना अंतर्गत धरियाई गांव में हुई. बच्चा सुबह करीब सात बजे अपने ही खेत में पिता द्वारा खुदवाए गए बोरवेल में गिर गया. बोरवेल खुला था. उसके साथ खेल रहे बच्चों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी. वहां ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई.

आनंद ने बताया कि वहां पहुंचे सेना और एनडीआरएफ के संयुक्त दल ने बचाव अभियान शुरू किया जिसके तहत बोरवेल के समानांतर कुछ दूरी पर एक गड्ढा खोदा गया और उससे बोरवेल तक एक सुरंग बनाई गई.

उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच पाइप के जरिये बच्चे को लगातार ऑक्सीजन दी गई और उसके माता -पिता को लगातार उससे बात करते रहने को कहा गया ताकि बच्चा घबराए नहीं. उसे कुछ खाद्य सामग्री जैसे बिस्कुट आदि दिए गए.’’

आनंद ने बताया कि करीब नौ घंटे तक चले अभियान के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस संबंध में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बच्चा जिस बोरवेल में गिरा, उसे उसके पिता छोटेलाल ने खुदवाया था.

उन्होंने कहा, ‘‘सुबह हमने बोरवेल में जब एक रस्सी गिराई तो बच्चे ने उसे पकड़ लिया और उसकी आवाज भी आई.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 14, 2021 06:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).