देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर राजमार्ग पर मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकवादी ढेर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के चार संदिग्ध आतंकवादी मारे गए जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 19 नवंबर जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के चार संदिग्ध आतंकवादी मारे गए जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू शहर के बाहरी इलाके में, हाल ही में घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों को ला रहे एक ट्रक को रोका गया तभी मुठभेड़ शुरू हो गई।
यह भी पढ़े | Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में पर्यटन की गाथा का प्रचार-प्रसार करेंगी महिला बाइकर्स.
जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक मुकेश सिंह ने कहा कि आतंकवादी ''बड़ी साजिश'' को अंजाम देने के इरादे से आए थे, जिसे नाकाम कर दिया गया है।
सुरक्षा बलों की इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, ''कोई भी बाहरी ताकत शांति और प्रगति के हमारे रास्ते से हमें नहीं भटका सकती।''
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने श्रीनगर में कहा कि चार आतंकवादी इस महीने के अंत में होने वाले जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव की प्रक्रिया को बाधित करना चाहते थे क्योंकि पाकिस्तान राजनीतिक प्रक्रिया में बाधाएं डालने का प्रयास कर रहा है।
वहीं, जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक मुकेश सिंह ने जम्मू में पत्रकारों को विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि डीसीसी चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद से पुलिस को जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा संभावित घुसपैठ किये जाने की सूचनाएं मिल रही हैं।
सिंह ने कहा, ''हमने अपनी सभी टीमों को चौकियों पर तैनात किया था। खुफिया जानकारी मिली थी कि आतंकवादी भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक के साथ घुसपैठ कर सकते हैं।''
पुलिस अधिकारी ने कहा कि नगरोटा के बान इलाके में टोल प्लाजा के पास आज सुबह पांच बजे एक ट्रक को जांच के लिये रोका गया, लेकिन ट्रक चालक वाहन को छोड़कर भाग गया। सीआरपीएफ और पुलिसकर्मियों ने जैसे ही वाहन की तलाशी लेनी शुरू की, ट्रक में छिपे आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
सिंह के अनुसार आतंकवादियों से आत्मसमर्पण के लिये कहा गया, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
उन्होंने कहा कि अन्य सुरक्षा बल भी इसमें शामिल हो गए, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई। इस दौरान आतंकवादियों ने ग्रेनेड फेंके और गोलीबारी की।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि तीन घंटे चली मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उन्होंने कहा कि चावल के कट्टों से भरे ट्रक में मुठभेड़ के दौरान आग लग गई। ट्रक के अंदर छिपे आतंकवादियों के शव बरामद कर लिये गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि घायल पुलिसकर्मियों कुलदीप राज और मोहम्मद इस्हाक मलिक को जम्मू में सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालमें भर्ती कराया गया है। वे खतरे से बाहर हैं।
सिंह ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों के पास से 11 एके राइफल, तीन पिस्तौल, 24 मैगजीन, 29 ग्रेनेड, छह यूबीजीएल ग्रेनेड बरामद हुए हैं। इसके अलावा उनके पास से भारी मात्रा में दवाएं, विस्फोटक सामग्री, तारों के बंडल, इलेक्ट्रोनिक सर्किट और थैले बरामद हुए हैं।
उन्होंने कहा, ''बीते कुछ साल में पहली बार, मारे गए आतंकवादियों के पास से इतनी भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं।''
वहीं आतंकवादियों की मंशा के बारे में पूछे जाने पर उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि मारे गए आतंकवदियों के पास से मिले हथियारों की संख्या से ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने हाल ही में घुसपैठ की थी और वे किसी ''बड़ी साजिश को अंजाम'' देने वाले थे।
उन्होंने कहा “मैं अपनी सेनाओं द्वारा प्रदर्शित अनुकरणीय साहस और बहादुरी को सलाम करता हूं। राष्ट्र को आपकी कुशलता और इसकी संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करने की प्रतिबद्धता पर गर्व है।''
सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए प्रगतिशील और शांतिपूर्ण भविष्य की नींव रखने के लिए प्रशासन और सुरक्षा बल दिन-रात काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "कोई भी बाहरी ताकत हमें शांति और प्रगति के हमारे मिशन पर आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 19, 2020 08:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

