देश की खबरें | पूर्व विधायक के चार समर्थकों को न्यायिक हिरासत में भेजा, गुर्जर समुदाय की प्रस्तावित महापंचायत रद्द

हरिद्वार, 28 जनवरी एक स्थानीय अदालत ने खानपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के चार समर्थकों को मौजूदा विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर गोलीबारी करने के आरोप में मंगलवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

चैंपियन को सोमवार को मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। मंगलवार को चैंपियन के जिन चार समर्थक को न्यायिक हिरासत में भेजा गया उनमें कुलदीप, अंकित आर्य, मोंटी पंवार और रवि हैं।

चैंपियन और उनके समर्थकों ने रविवार को कथित तौर पर कुमार के कार्यालय पर हमला किया था और अपनी पिस्तौल से कई बार गोलीबारी की थी।

कुमार और चैंपियन दोनों को रविवार रात को हिरासत में लिया गया था। हालांकि, सोमवार को चैंपियन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया वहीं कुमार को जमानत दे दी गई। चैंपियन के समर्थकों ने इस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए प्रदर्शन किया।

इस मामले में मंगलवार को कुमार के चार समर्थकों सैयद अली, शाकिब, अभिषेक और सनी कुमार को भी जमानत दे दी गई।

इस बीच, चैंपियन के खिलाफ कथित ‘‘पक्षपातपूर्ण कार्रवाई’’ के विरोध में बुधवार को गुर्जर समुदाय की प्रस्तावित महापंचायत को रद्द कर दिया गया है।

अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद खारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि बुधवार को लक्सर में बुलाई गई महापंचायत को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और चैंपियन दोनों की अपील के बाद रद्द कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)