देश की खबरें | बाराबंकी में विद्यालय की प्रयोगशाला में विस्फोट होने से चार छात्र बेहोश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय की प्रयोगशाला में शुक्रवार को प्रयोग करते समय कथित तौर पर धमाका होने से चार छात्र बेहोश हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बाराबंकी (उप्र), 18 अक्टूबर बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय की प्रयोगशाला में शुक्रवार को प्रयोग करते समय कथित तौर पर धमाका होने से चार छात्र बेहोश हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार शरीफाबाद गांव में शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज में प्रायोगिक कक्षा के दौरान ‘टेस्ट-ट्यूब’ फटने से यह घटना हुई। घटना के समय 32 छात्र प्रयोगशाला में मौजूद थे।
सतरिख थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को प्रधानाचार्य शिवकुमार ने बताया कि बेहोश हुए छात्रों आशीष वर्मा, हर्षित सिंह, प्रतीक यादव और सत्यम अवस्थी को तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया।
एसएचओ ने बताया कि दो छात्रों की हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव कुमार ने कहा कि यह घटना टेस्ट ट्यूब में हाइड्रोक्लोराइड रसायन की अधिकता के कारण हुई।
कुमार ने कहा कि छात्रों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसकी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)