कोच्चि, 25 नवंबर केरल के कोच्चि में शनिवार रात एक विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव के दौरान मची भगदड़ में चार विद्यार्थियों की मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यहां कोचीन विश्वविद्यालय परिसर के अंदर छात्र गायिका निकिता गांधी का संगीत कार्यक्रम देखने पहुंचे थे, जो अचानक बारिश के कारण बाधित हो गया और लोग आश्रय के लिए इधर-उधर भागने लगे।
भारी बारिश के दौरान जब छात्र सुरक्षित हिस्से की ओर भाग रहे थे तब मची भगदड़ में कई छात्र घायल हो गए।
राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के अनुसार, दो छात्र और दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोगों का कलामसेरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और कुछ अन्य अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
जॉर्ज ने बताया कि चार और छात्रों की हालत गंभीर है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया को बताया, “कार्यक्रम में केवल टिकट धारकों को प्रवेश की अनुमति थी। हालांकि, संगीत कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय निवासी भी सभागार के बाहर थे।”
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब अचानक बारिश शुरू हुई तो सभी दर्शक मंच की ओर दौड़ पड़े, जहां छत वाली जगह थी।
इस बीच, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने घटना के मद्देनजर कोझिकोड़ के एक सरकारी अतिथि गृह में आपात बैठक की और विद्यार्थियों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
विजयन ने रविवार को उत्तरी जिले में जारी ‘नव केरल सदास’ कार्यक्रम के संबंध में निर्धारित सभी सांस्कृतिक एवं कला कार्यक्रमों को रद्द करने की घोषणा की।
उन्होंने विभिन्न कार्यों में समन्वय के लिए मंत्रियों पी. राजीव और आर. बिंदू को कलामसेरी परिसर जाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में, सभी घायलों का इलाज सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया और कहा कि जॉर्ज इस घटना से संबंधित कार्यों में समन्वय करेंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY