एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली के द्वारका में रंगदारी के आरोप में गैंगस्टर की पत्नी समेत चार लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने द्वारका इलाके में रंगदारी के मामले में गैंगस्टर की पत्नी और एक नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली के द्वारका में रंगदारी के आरोप में गैंगस्टर की पत्नी समेत चार लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 22 मार्च दिल्ली पुलिस ने द्वारका इलाके में रंगदारी के मामले में गैंगस्टर की पत्नी और एक नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्की, रोहित उर्फ रॉकी, गीतिका उर्फ गीतू और एक नाबालिग के रूप में हुई है। गीतिका काला-जठेड़ी गिरोह से जुड़े गैंगस्टर सचिन उर्फ भांजा की पत्नी है।

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने कहा, ‘‘चार लोग झड़ौदा कलां इलाके में 10 मार्च को शिकायतकर्ता के घर पहुंचे और उसे बंदूक दिखाकर धमकाया। उन्होंने गैंगस्टर सचिन के नाम पर रुपयों की मांग की।’’

अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता और उनके व्यावसायिक साझेदारों को लगातार धमकी भरे फोन आने लगे और इस संबंध में भगत सिंह नगर थाने में मामला दर्ज किया गया।

सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपियों की पहचान हुई। उन्होंने कहा कि गीतिका को हरियाणा के झज्जर जिले के दुल्हेड़ा गांव से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद विक्की, रॉकी और एक नाबालिग को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

सिंह ने कहा कि पुलिस जांच में सामने आया कि विक्की हाल में पैरोल पर जेल से बाहर आया था और वह तिहाड़ जेल में गैंगस्टर सचिन से मिला था, जहां गीतिका भी गई थी। उन्होंने बताया कि सचिन ने विक्की को रंगदारी देना बंद करने वाले स्थानीय कारोबारियों को कथित तौर पर धमकाने का निर्देश दिया था।

अधिकारी ने बताया कि योजना के अनुसार, विक्की ने एक कार का इंतजाम किया और तीन साथियों को अपने साथ लिया तथा उन्होंने सोशल मीडिया मंच के जरिये पीड़ितों को फोन किया।

अधिकारी ने बताया कि विक्की पर रोहतक और सोनीपत में हत्या के तीन मामले दर्ज हैं जबकि रोहित भी हत्या के दो मामलों में शामिल रहा है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 22, 2025 03:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).