देश की खबरें | पूर्व विदेश सचिव श्रृंगला, वकील निकम समेत चार लोग राज्यसभा के लिए मनोनीत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मामले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्ज्वल निकम, केरल से भारतीय जनता पार्टी के नेता सी सदानंदन मास्टर और इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।
नयी दिल्ली, 13 जुलाई पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मामले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्ज्वल निकम, केरल से भारतीय जनता पार्टी के नेता सी सदानंदन मास्टर और इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार देर रात जारी एक अधिसूचना में कहा कि राष्ट्रपति ने इन चार व्यक्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है।
अधिसूचना में कहा गया, ‘‘भारत के संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड (1) के उप-खंड (ए) द्वारा प्रदत्त शक्तियों के साथ-साथ उस अनुच्छेद के खंड (3) के तहत राष्ट्रपति मनोनीत सदस्यों की सेवानिवृत्ति के कारण उत्पन्न रिक्तियों को भरने के लिए उज्ज्वल देवराव निकम, सी. सदानंदन मास्टर, हर्षवर्धन श्रृंगला और डॉ. मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत करती हैं।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा के लिए मनोनीत चारों सदस्यों के योगदान की सराहना की है।
मोदी ने निकम की सराहना करते हुए कहा, ‘‘उज्ज्वल निकम का कानूनी क्षेत्र और हमारे संविधान के प्रति समर्पण अनुकरणीय है। वह न केवल एक सफल वकील रहे हैं, बल्कि महत्वपूर्ण मामलों में न्याय के प्रयासों में भी सबसे आगे रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि अपने पूरे कानूनी करियर के दौरान निकम ने हमेशा संवैधानिक मूल्यों को मज़बूत करने और आम नागरिकों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए काम किया है।
निकम एक प्रसिद्ध वकील हैं और मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में सरकारी वकील के रूप में काम कर चुके हैं। भाजपा ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में मुंबई उत्तर मध्य सीट से पार्टी उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा था।
प्रधानमंत्री ने राजनयिक के रूप में श्रृंगला के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक राजनयिक, बुद्धिजीवी और रणनीतिक विचारक के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
मोदी ने कहा, ‘‘पिछले कई वर्षों में उन्होंने भारत की विदेश नीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और जी-20 की हमारी अध्यक्षता में भी योगदान दिया है। मुझे खुशी है कि उन्हें राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। उनका अद्वितीय दृष्टिकोण संसदीय कार्यवाही को और समृद्ध बनाएगा।’’
श्रृंगला ने अमेरिका और थाईलैंड में भारत के राजदूत और बांग्लादेश में उच्चायुक्त के रूप में कार्य किया है।
भारतीय विदेश सेवा के 1984 बैच के अधिकारी श्रृंगला ने 2023 में भारत की जी20 अध्यक्षता के लिए मुख्य समन्वयक के रूप में भी कार्य किया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि मीनाक्षी जैन को राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है।
मोदी ने कहा, ‘‘ उन्होंने एक विद्वान, शोधकर्ता और इतिहासकार के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। शिक्षा, साहित्य, इतिहास और राजनीति विज्ञान के क्षेत्र में उनके कार्यों ने अकादमिक विमर्श को महत्वपूर्ण रूप से समृद्ध किया है। संसदीय कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं।’’
दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में व्याख्याता रहीं जैन पद्मश्री से सम्मानित हैं।
उन्होंने भारतीय इतिहास, देश की सभ्यता और ब्रिटिश शासन के दौरान स्वदेशी शिक्षा और ओं पर कई किताबें लिखी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 12:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

