देश की खबरें | मेरठ में एक मकान में विस्फोट से चार लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मेरठ में मंगलवार को सुबह लोहिया नगर इलाके में एक मकान में विस्फोट होने से चार लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मेरठ (उप्र), 17 अक्टूबर मेरठ में मंगलवार को सुबह लोहिया नगर इलाके में एक मकान में विस्फोट होने से चार लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट में पांच लोग घायल हुए थे और इलाज के दौरान उनमें से चार लोगों की मौत हो गयी।
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया "घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से चार ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह सभी पुरुष हैं और वयस्क हैं। इनकी शिनाख्त के लिए अभी तक आसपास से कोई नहीं पहुंचा है। ऐसा लगता है कि यह लोग फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर थे जिनकी विस्फोट में जान चली गई।''
उन्होंने बताया कि मौके से साबुन बनाने की सामग्री और साबुन का स्टॉक मिला, जिससे ऐसा लगता है कि यहां साबुन बनाने या साबुन की पैकिंग आदि का काम होता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि घटना थाना लोहिया नगर क्षेत्र की एक दो-मंजिला इमारत में हुई है। उन्होंने कहा कि इस इमारत में नीचे साबुन बनाने की फैक्ट्री थी, जिसमें आज सुबह धमाका हुआ और फिर मकान की छत गिर गई है। उनके अनुसार, इस हादसे में पांच लोग मलबे में दब गए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया।
एसएसपी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि मौके से साबुन बनाने का केमिकल बरामद हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)