देश की खबरें | अजमेर के होटल में आग लगने से चार लोगों की मौत, सात घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अजमेर शहर के डिग्गी बाजार क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक होटल में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जयपुर, एक मई अजमेर शहर के डिग्गी बाजार क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक होटल में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और चार साल का एक बच्चा शामिल है।
उन्होंने बताया कि वे अजमेर दरगाह पर जियारत करने के लिए अजमेर आए थे। उनके मुताबिक, पांच मंजिला होटल के कुछ मेहमानों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।
अधिकारियों ने बताया कि जिस होटल में आग लगी वह नगर निगम के नियमों के विरुद्ध बनाया गया है और इसके पास अग्निशमन विभाग से एनओसी भी नहीं है।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने घटना पर दुख जताया है।
पुलिस के अनुसार, डिग्गी बाजार की संकरी गलियों में स्थित नाज होटल में आज सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई तथा आग की लपटों ने होटल के पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने अजमेर दरगाह में जियारत से पहले यहां रुकने के लिए बुकिंग की थी।
जैसे ही आग फैली एक महिला ने अपने बेटे को होटल की खिड़की से बाहर फेंक दिया। एक व्यक्ति खुद को बचाने की कोशिश में होटल की इमारत की चौथी मंजिल से कूद गया। लगभग तीन घंटे के अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने बताया, "अग्निकांड में दो पुरुषों, एक महिला और एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई। पांच अन्य घायल हैं, जिनमें से चार गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। घायल 50 से 90 प्रतिशत तक झुलसे हैं।" दो घायल निजी अस्पताल में भर्ती बताए गए हैं।
मृतकों की पहचान मोहम्मद जाहिद, शबनम नूरानी, उनके बेटे अरमान नूरानी और अल्फाज के रूप में हुई। घायलों में अग्निशमन विभाग की महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं।
अजमेर नगर निगम के उप महापौर नीरज जैन ने ‘पीटीआई-’ से कहा, "होटल की इमारत अवैध है। निगम समय-समय पर अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करता है। लेकिन, यह कार्रवाई नोटिस जारी करने तक ही सीमित रहती है। यह तभी रुकेगी जब संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। इस होटल तक एंबुलेंस और दमकल गाड़ियां पहुंच सकती हैं, लेकिन कई तरह के अवैध निर्माणों की वजह से वे नहीं जा पातीं। मैंने महापौर को इस बारे में अवगत करा दिया है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)