विदेश की खबरें | नेपाल में ढाई किलोग्राम यूरेनियम रखने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. नेपाल की राजधानी काठमांडू में ढाई किलोग्राम अपरिष्कृत यूरेनियम रखने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

काठमांडू, 13 मार्च नेपाल की राजधानी काठमांडू में ढाई किलोग्राम अपरिष्कृत यूरेनियम रखने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने प्रेस वार्ता में बताया कि एक गोपनीय सूचना पर बौध क्षेत्र में एक घर में छापेमारी की गई और चार लोगों के पास से 2.5 किलोग्राम यूरेनियम- 238 पाया गया।

उन्होंने बताया कि यह संभवत: पहली बार है जब यूरेनियम तस्करी के सिलसिले में गिरफ्तारियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल का ऐसा कोई प्रौद्योगिकी केंद्र या एजेंसी नहीं है जहां इस धातु का उपयोग किया जा सके।

गिरफ्तार किये गये लोगों में से दो लोग 20 वर्ष और दो 40 वर्ष के है। इनके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि पहली खुफिया जानकारी यह थी कि कुछ लोग यूरेनियम की कालाबाजारी करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद जांच की गई।

‘द काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार गिरफ्तार लोगों में से एक ने दावा किया है कि उसके ससुर 20 साल पहले भारत से यह सामग्री लाए थे, जहां उन्होंने एक यूरेनियम खदान में काम किया था। पुलिस उसके दावे की जांच कर रही है।

यूरेनियम- 238 प्राकृतिक रूप से पाई जाने वाली धातु है। इसका इस्तेमाल बिजली बनाने और परमाणु हथियारों में किया जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now