हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 के चार नए मामले, कुल संख्या 208 हुई
अधिकारियों ने बताया कि महिला की मौत के बाद राज्य में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है ।
शिमला, 25 मई हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के चार नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 208 हो गए हैं। इस दौरान 75 वर्षीय एक संक्रमित महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि महिला की मौत के बाद राज्य में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है ।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक जनक राज ने बताया कि शनिवार को महिला के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। शिमला के इंदिरा गंधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में रविवार रात सवा दस बजे उनका निधन हो गया।
उन्होंने बताया कि महिला को कई बीमारियां थी और उन्हें हमीरपुर से आईजीएमसी भेजा गया था।
हमीरपुर के जिलाधिकारी ने बताया कि इससे पहले महिला के पति संक्रमित पाए गए थे और उसके दो दिन बाद शनिवार को महिला के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि महिला इलाज के लिए पंजाब के जालंधर गई थी। वापस आने के बाद उन्हें हमीरपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें आईजीएमसी भेजा गया। वहां उनके नमूनों की जांच की गई और शनिवार को उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
राज ने बताया कि कोविड-19 के चार नए मामलों में से तीन शिमला से हैं। ये तीनों लोग 18 मई को मुम्बई से लौटे थे।
उपायुक्त हरिकेश मीणा ने बताया कि चौथा मामला हमीरपुर का है, जहां 25 वर्षीय एक महिला के कोरोना वायरस संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वह 22 मई को मुम्बई से लौटी थी।
मीणा ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके पति को भी कोविड-19 होने की पुष्टि हुई थी।
अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में अब 140 संक्रमित लोगों का इलाज चल रहा है और 63 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2020 10:47 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

