देश की खबरें | एक इनामी समेत चार नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

दंतेवाड़ा, 26 अप्रैल छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी नक्सली समेत चार नक्सलियों ने सोमवार को सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने सोमवार को बताया कि जिले में लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर चार नक्सलियों --चेतना नाट्रय मंच के कमांडर भीमा मड़काम (27), जनमिलिशिया सदस्य आयतू कुंजाम (34), भीमा उर्फ रमेश कुंजामी (33) और देवा भास्कर (31) ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया।

पल्लव ने बताया कि नक्सली भीमा मड़काम के सर पर एक लाख रूपए का इनाम है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला, आगजनी समेत कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।

पल्लव के अनुसार नक्सलियों ने बताया कि उन्होंने माओवादी संगठन की खोखली विचारधारा से तंग आकर तथा जिले में चलाए जा रहे लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है।

उन्होंने बताया कि जिले में पिछले 10 माह से विभिन्न ग्राम पंचायतों से संबंधित क्षेत्रों में सक्रिय माओवादियों की घर वापसी के लिए लोन वर्राटू अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में माओवादियों को घर वापस लौटने की अपील की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लोन वर्राटू अभियान के तहत जिले में 92 इनामी समेत कुल 339 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।

पल्लव ने बताया कि एक अन्य घटना में जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक नक्सली कोसा बारसे (25) को गिरफ्तार कर लिया है। नक्सली को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)