देश की खबरें | गुजरात के भरूच में रासायनिक संयंत्र में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात में भरूच जिले के दहेज स्थित एक रासायनिक संयंत्र में जहरीली गैस का रिसाव होने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
भरूच, 29 दिसंबर गुजरात में भरूच जिले के दहेज स्थित एक रासायनिक संयंत्र में जहरीली गैस का रिसाव होने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दहेज थाने के निरीक्षक बी.एम. पाटीदार ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे ‘गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड’ (जीएफएल) की एक उत्पादन इकाई में पाइप से जहरीली गैस के रिसाव की चपेट में आने से कर्मचारी बेहोश हो गए।
अधिकारी ने बताया कि चारों कर्मचारियों को भरूच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से तीन की रविवार तड़के करीब तीन बजे मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने सुबह छह बजे दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘घटना रात करीब 10 बजे हुई। कंपनी के सीएमएस संयंत्र के भूतल से गुजर रहे पाइप से गैस रिसाव होने के कारण चार कर्मचारी बेहोश हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चारों की मौत हो गई।’’
अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान राजेश कुमार (गुजरात), मुद्रिका यादव (झारखंड), सुशीत प्रसाद और महेश नंदलाल (दोनों उत्तर प्रदेश से) के रूप में हुई है।
दहेज स्थित जीएफएल के उपमहाप्रबंधक जिग्नेश परमार ने संवाददाताओं को बताया कि वे मामले की जांच करेंगे और मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी और प्रबंधन इस घटना से दुखी हैं। हमने अधिकारियों के साथ सहयोग करने का वादा किया है तथा हम मामले की जांच करेंगे और अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे।’’
भरूच की उपमंडल मजिस्ट्रेट मनीषा मनानी ने कहा, ‘‘अंबेटा गांव के पास जीएफएल संयंत्र में गैस रिसाव होने के कारण चार लोगों की मौत हो गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भरूच के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 29, 2024 02:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

