देश की खबरें | असम में चार बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा गया, निर्वासित किया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम में चार बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा गया और उन्हें पड़ोसी देश भेज दिया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी।

गुवाहाटी, 11 मार्च असम में चार बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा गया और उन्हें पड़ोसी देश भेज दिया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी।

इन बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान अब्दुल कबीर, बोधिउर रहमान, मोहम्मद तैयब और अब्दुल कलाम के रूप में हुई है।

सोमवार मध्यरात्रि के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चार अवैध घुसपैठियों को पकड़कर वापस भेजा गया... घुसपैठ से निपटने के अपने प्रयासों को जारी रखते हुए असम पुलिस ने चार बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा और उन्हें सीमा पार वापस भेज दिया। टीम का शानदार काम।’’

हालांकि, शर्मा ने यह नहीं बताया कि इन घुसपैठियों को कहां पकड़ा गया या किस सीमावर्ती जिले से उन्हें वापस भेजा गया।

मुख्यमंत्री ने पहले दावा किया था कि पिछले सात महीनों में बांग्लादेश से 305 घुसपैठियों को पकड़कर उनके देश वापस भेजा गया है और राज्य सरकार ‘‘घुसपैठ मुक्त असम’’ के लिए प्रतिबद्ध है।

पिछले साल पड़ोसी देश में अशांति शुरू होने के बाद से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पूर्वोत्तर में 1,885 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी चौकसी बढ़ा दी है।

एक अधिकारी ने कहा कि असम पुलिस भी सीमा पर चौकसी बनाए हुए है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से राज्य में प्रवेश नहीं कर सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\