नोएडा, सात दिसबर उत्तर प्रदेश के नोएडा में फर्जी कंपनी बनाकर करोड़ों रुपए के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का घोटाला करने वाले चार लोगों को आज दोपहर बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया । पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) हरिश चंदर ने बताया कि यह लोग इससे पहले थाना सेक्टर 20 पुलिस द्वारा जून में गिरफ्तार किए गए गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनके पास से पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल फोन का सिम कार्ड, भारी मात्रा मे फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किया गया है।
उन्होने बताया कि इनके खातों में करोड़ों रुपए की रकम जमा होने की पुलिस को सूचना मिली है, जिसे पुलिस फ्रीज करेगी।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना सेक्टर 20 पुलिस ने बृहस्पतिवार की दोपहर बाद राहुल निगम, राकेश, दिलीप तथा पियूष को गिरफ्तार किया ।
उन्होंने बताया कि उनकी निशानदेही पर विभिन्न लोगों के नाम से बनाए गए बड़ी संख्या में फर्जी पैन कार्ड, आधार कार्ड, मोबाइल फोन का सिम, लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न कंपनियों के बिल तथा फर्जी दस्तावेज, मोहरें आदि बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ये लोग भारत में रहने वाले विभिन्न लोगों के आधार कार्ड और पैन कार्ड धोखाधड़ी करके हासिल कर लेते हैं, तथा उसके आधार पर यह लोग नई-नई कंपनियां खोलते हैं।
उन्होंने बताया कि उन कंपनियों से क्रय -विक्रय दिखाकर करोड़ों रुपयों की जीएसटी हासिल करते हैं, तथा उसका इनपुट टैक्स क्रेडिट लेकर जीएसटी विभाग को करोड़ों रुपए का चूना लगा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि पिछले साल जून में थाना सेक्टर 20 पुलिस ने जीएसटी घोटाले में जिन लोगों को गिरफ्तार किया था उनसे इनकी कड़ी जुड़ी हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पूर्व में जीएसटी घोटाले के मास्टरमाइंड अर्चीत, अंचीत, अजय, महेश, अमित, प्रवीण सहित 25 लोगों की गिरफ्तार किया था। यह लोग अभी जेल में हैं। इन लोगों ने 2660 फर्जी कंपनियां बनाकर 15 हजार करोड़ से ज्यादा के जीएसटी का घोटाला किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY