एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | वाईएसआरसीपी के पूर्व विधायक ने तेदेपा समर्थकों पर उनके घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता नल्लापुरेड्डी प्रसन्न कुमार रेड्डी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के समर्थकों ने हमला किया और उनके घर में तोड़फोड़ की, जिससे उनकी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा।

खेल की खबरें | वाईएसआरसीपी के पूर्व विधायक ने तेदेपा समर्थकों पर उनके घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया

नेल्लोर (आंध्र प्रदेश), आठ जुलाई युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता नल्लापुरेड्डी प्रसन्न कुमार रेड्डी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के समर्थकों ने हमला किया और उनके घर में तोड़फोड़ की, जिससे उनकी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा।

पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि हमला स्थानीय तेदेपा विधायक वेमिरेड्डी प्रशांति रेड्डी की सार्वजनिक रूप से आलोचना करने के कुछ देर बाद रात करीब नौ बजे हुआ। उन्होंने कहा कि घटना उस वक्त हुई जब वह अपने बेटे रजत रेड्डी के साथ घर से बाहर थे, तभी नेल्लोर के सांसद वेमिरेड्डी प्रभाकर रेड्डी के कथित समर्थकों की भीड़ ने उनके घर पर धावा बोल दिया।

प्रसन्न कुमार रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की, खिड़कियां तोड़ दी, फर्नीचर तोड़ दिए और वहां खड़ी दो कारों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने सब कुछ नष्ट कर दिया और सीसीटीवी की हार्ड डिस्क चुरा ली।’’

उन्होंने कहा कि घटना के दौरान घर पर केवल उनकी 80 वर्षीय मां ही थीं। उन्होंने कहा, ‘‘वह डर के मारे सहम गई थीं। हमलावरों ने उन्हें धमकाया। अगर मैं अंदर होता, तो वे मुझे मार देते।’’

प्रसन्न कुमार रेड्डी का मानना ​​है कि हमलावर नशे में थे। उन्होंने नेल्लोर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जी. कृष्णकांत से गहन और पारदर्शी जांच करने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘वे संभवतः नशे में थे।’’

पूर्व विधायक ने पुलिस पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाया। प्रसन्न कुमार रेड्डी ने आरोप लगाया, ‘‘वे (पुलिस) केवल तेदेपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का आदेश मानते हैं। विपक्ष में होने के कारण हमें पुलिस से कोई सुरक्षा या सहयोग नहीं मिलता।’’

उन्होंने कहा कि उनका परिवार 1961 से राजनीति में है, ‘‘लेकिन हमने कभी ऐसा आतंक नहीं देखा।’’ उन्होंने कहा कि नए विधायक को आलोचकों के खिलाफ हिंसा किए बिना राजनीति सीखनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान ऐसी कोई घटना नहीं देखी गई।

इस बीच, वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने प्रसन्न कुमार रेड्डी से फोन पर बात की, गहरी चिंता व्यक्त की और हमले की निंदा की। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था का चौंकाने वाला उल्लंघन करार दिया।

वाईएसआरसीपी सुप्रीमो सोमवार रात वाईएसआर कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला शहर पहुंचे और भाकरपुरम कैंप कार्यालय में स्थानीय नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों से मुलाकात की तथा उनकी शिकायतें सुनीं।

अविभाजित आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की 76वीं जयंती के अवसर पर उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को इडुपुलापाया में वाईएसआर घाट पर पूजा-अर्चना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 01:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).