देश की खबरें | पूर्व केंद्रीय मंत्री वल्लभभाई कथीरिया ने एम्स- राजकोट के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

राजकोट, एक सितंबर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. वल्लभ कथीरिया ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार के निर्देश पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)-राजकोट के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।

केंद्र सरकार ने 17 अगस्त को कथीरिया (68) को एम्स- राजकोट का अध्यक्ष नियुक्त किया था।

सर्जन से नेता बने डॉ. वल्लभ कथीरिया ने कहा, ‘‘मैंने पद से इस्तीफा दे दिया है, क्योंकि मुझे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कुछ तकनीकी आधार पर ऐसा करने के लिए कहा था।’’

सार्वजनिक रूप से उपलब्ध एक आधिकारिक पत्र के अनुसार, कथीरिया ने 20 अगस्त को अपना इस्तीफा दे दिया था, जिसे 25 अगस्त को स्वीकार कर लिया गया था।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कथीरिया को भेजे गए पत्र में कहा गया, ‘‘मुझे उपरोक्त विषय पर आपके दिनांक 20.08.2023 के पत्र का संदर्भ लेने और यह सूचित करने का निर्देश दिया गया है कि एम्स-राजकोट के अध्यक्ष पद से आपका इस्तीफा माननीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री द्वारा 25.08.2023 को स्वीकार कर लिया गया है। ’’

एम्स-राजकोट का निर्माण फिलहाल चल रहा है और अगले कुछ महीनों में इसके पूरी तरह कार्यात्मक होने की उम्मीद है। प्रमुख चिकित्सा संस्थान की स्थापना केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत की गई है।

कथीरिया 1996 से 2004 के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर लगातार चार बार राजकोट से लोकसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)