देश की खबरें | पूर्व सांसद आनंद सिंह की तेरहवीं पर नहीं होगा पारंपरिक भोज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व सांसद आनंद सिंह की तेरहवीं के अवसर पर उनके बेटे विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भोज की परंपरा को समाप्त करने का फैसला किया है।
गोंडा (उप्र), 15 जुलाई पूर्व सांसद आनंद सिंह की तेरहवीं के अवसर पर उनके बेटे विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भोज की परंपरा को समाप्त करने का फैसला किया है।
आगामी 18 जुलाई को होने वाले तेरहवीं कार्यक्रम में पारंपरिक भोज के बजाय श्रद्धांजलि सभा और सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें गरीब बेटियों की शादी कराकर उन्हें नया जीवन देने का संकल्प लिया जाएगा।
पूर्व सांसद आनंद सिंह का गत छह जुलाई की देर रात निधन हो गया था।
आनंद सिंह के बेटे विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि (गरीब बेटियों की शादी कराने का) यह निर्णय उनके स्वर्गीय पिता को सच्ची श्रद्धांजलि देने का एक प्रयास है।
उन्होंने वेद, पुराण और रामायण का उल्लेख करते हुए बताया कि परोपकार और सेवा को ही जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य माना गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पितरों की तृप्ति भोज से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा से होती है।
विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि इसी सोच के चलते उनके पिता की तेरहवीं पर गरीब बेटियों का सामूहिक विवाह कर उन्हें सम्मानजनक जीवन देने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को दोपहर साढ़े 12 बजे मनकापुर कोट में शुरू होने वाला यह सेवा संकल्प कार्यक्रम आनंद सिंह की तेरहवीं को जन आदर्श के रूप में स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि इस कदम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और गरीब बेटियों के चेहरों पर मुस्कान आएगी।
उत्तर प्रदेश में तेरहवीं के अवसर पर भोज की परंपरा सदियों से चली आ रही है। ऐसे में यह फैसला समाज के लिए प्रेरणादायी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 10:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

