पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार पीईएसबी के प्रमुख नियुक्त किए गए
जमात

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार को बुधवार को सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) का प्रमुख नियुक्त किया गया है।

सभी सार्वजनिक उपक्रमों में शीर्ष पदों पर नियुक्तियां इसी बोर्ड के माध्यम से होती हैं।

झारखंड कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार इसी साल फरवरी में वित्त सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उक्त पद पर तीन साल के लिए कुमार की नियुक्ति को मंजूरी दी है।

कुमार को कपिल देव त्रिपाठी के स्थान पर नियुक्त किया गया है। त्रिपाठी को हाल ही में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का सचिव नियुक्त किया गया है।

पीईएसबी के नए प्रमुख कुमार ने वित्त सचिव रहते हुए बैंकिंग और नौकरशाही में कई बदलाव किए हैं। उन्होंने बेहद मुश्किल हालातों से भी बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्रों को ऊभारा है।

कुमार को सितंबर, 2017 में उस वक्त वित्त मंत्रालय में सचिव का पदभार दिया गया जब भारतीय स्टेट बैंक सहित ज्यादातर सरकार बैंक घाटे में चल रहे थे।

केन्द्र सरकार ने उन्हें जुलाई 2019 में वित्त मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया।

अधिकारियों ने बताया कि अपने कड़े फैसलों के लिए जाने जाने वाले कुमार ने बैंकिंग के क्षेत्र में आमूल-चूल परिवर्तन किए और सार्वजनिक क्षेत्र के 10 बैंकों का विलय चार बड़े बैंकों में करने का काम किया।

उन्होंने बताया कि कुमार ने केन्द्र सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक के बीच सुलह भी कराई जिसके बाद सरकार को बैंक से 1.76 लाख करोड़ रुपये मिले।

अधिकारियों ने बताया कि वित्त मंत्रालय में करीब ढाई साल रहे कुमार ने कई नीतिगत फैसले लिए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)