नयी दिल्ली, सात जनवरी रेकिट बेंकिसर के पूर्व वैश्विक सीईओ राकेश कपूर ने अपने पुराने इंजीनियरिंग संस्थान बिट्स पिलानी को 12 लाख डॉलर (करीब 10 करोड़ रुपये) का दान दिया है। यह संस्थान को मिला अब तक का सबसे बड़ा दान है।
बिट्स पिलानी ने एक बयान में यह जानकारी देते हुए कहा, ''दान में मिली इस राशि का इस्तेमाल अत्याधुनिक नवोन्मेष केंद्र के निर्माण के लिए किया जाएगा।'' यह राशि दान करने वाले कपूर बिट्स पिलानी के पूर्व छात्र हैं।
इस केंद्र को प्रसिद्ध वास्तुकार हफीज कॉन्ट्रैक्टर डिजाइन करेंगे और यह 40,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला होगा। इसमें प्रौद्योगिकी और हार्डवेयर से संबंधित नवाचार प्रयोगशालाएं होंगी।
इस नवाचार केंद्र में पिलानी इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सोसाइटी (पीआईईडीएस) भी स्थित होगी, जो बीआईटीएस का बिजनेस इनक्यूबेटर है।
कपूर की उदारता और संस्थान के प्रति समर्पण को देखते हुए इस नवोन्मेष केंद्र का नाम 'द कपूर सेंटर ऑफ इनोवेशन' रखा जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY