देश की खबरें | बिहार के पूर्व विधायक ने गिरफ्तारी के बाद कहा, मैं राजनीतिक साजिश का शिकार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आय से अधिक संपत्ति रखने से जुड़े कथित धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद बिहार के पूर्व विधायक गुलाब यादव ने शनिवार को आरोप लगाया कि वह “राजनीतिक साजिश का शिकार” हुए हैं और लोग इसका करारा जवाब देंगे।

पटना, 19 अक्टूबर आय से अधिक संपत्ति रखने से जुड़े कथित धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद बिहार के पूर्व विधायक गुलाब यादव ने शनिवार को आरोप लगाया कि वह “राजनीतिक साजिश का शिकार” हुए हैं और लोग इसका करारा जवाब देंगे।

ईडी ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के बिहार कैडर के अधिकारी संजीव हंस और यादव को उनके खिलाफ धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया था।

हंस को जहां पटना से गिरफ्तार किया गया था, वहीं यादव को ईडी ने दिल्ली से हिरासत में लिया था और ट्रांजिट रिमांड पर शनिवार को बिहार की राजधानी ले आई थी।

पटना हवाईअड्डे से निकलते समय यादव ने पत्रकारों से कहा, “मैं बेगुनाह हूं। मैं राजनीतिक साजिश का शिकार हो गया हूं और जनता इसका करारा जवाब देगी।”

यादव को जल्द पटना की एक अदालत में पेश किया जाएगा। ईडी के अधिकारी मामले में आगे के घटनाक्रम पर चुप्पी साधे हुए हैं।

हंस 1997 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और बिहार ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव रह चुके हैं, जबकि यादव राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व विधायक हैं। उन्होंने 2015 से 2020 तक मधुबनी जिले की झंझारपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।

हंस और यादव के खिलाफ धन शोधन का यह मामला बिहार पुलिस की ओर से दायर एक प्राथमिकी से उपजा है। प्रदेश पुलिस की विशेष सतर्कता इकाई ने इस साल 14 सितंबर को दोनों के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया।

हंस को उनके खिलाफ ईडी की छापेमारी के बाद अगस्त में राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\