आंध्रा बैंक के पूर्व प्रमुख सुरेश ए पटेल बुधवार को सतर्कता आयुक्त का पदभार संभालेंगे
सतर्कता आयुक्त का पद पिछले 10 महीनों से खाली है।
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल आंध्रा बैंक के पूर्व प्रमुख सरेश ए पटेल बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक संस्था केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) में सतर्कता आयुक्त का पदभार संभालेंगे।
सतर्कता आयुक्त का पद पिछले 10 महीनों से खाली है।
एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा, ‘‘पटेल को नवनियुक्त केंद्रीय सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी पद की शपथ दिलाएंगे।’’
इस पद के लिए पटेल के नाम की सिफारिश इस साल फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली एक उच्चस्तरीय समिति ने की थी।
उनका कार्यकाल दिसंबर 2022 के अंत तक दो वर्ष से अधिक समय के लिए होगा।
वह सीवीसी के बैंकिंग एवं वित्तीय धोखाधड़ी सलाहकार बोर्ड के सदस्य थे। पटेल ने सतर्कता आयुक्त के रूप में चयन के बाद बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है।
उन्हें नवंबर 2015 में आंध्र बैंक का प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया था और वे 31 दिसंबर 2017 तक इस पद पर रहे। 62 वर्षीय पटेल के पास तीन दशकों का बैंकिंग अनुभव है और उन्होंने आंध्र बैंक के प्रमुख का पद संभालने से पहले ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में कार्यकारी निदेशक के रूप में भी काम किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 09:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

