ताजा खबरें | विदेशी अदालतों ने 54 भारतीय नागरिकों को मौत की सजा सुनायी : सरकार
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद को बताया कि विदेश मंत्रालय के पास उपलब्ध सूचना के मुताबिक विदेशी अदालतों द्वारा मौत की सजा पाने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या 54 है।
नयी दिल्ली, 13 फरवरी सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद को बताया कि विदेश मंत्रालय के पास उपलब्ध सूचना के मुताबिक विदेशी अदालतों द्वारा मौत की सजा पाने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या 54 है।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
सरकार से पूछा गया था कि क्या केंद्र यमन की एक अदालत द्वारा मौत की सजा सुनाई गई निमिषा प्रिया की जान बचाने के लिए कोई उपाय कर रहा है। साथ ही उनसे उन भारतीय नागरिकों की संख्या भी पूछी गई थी जिन्हें विदेशी अदालतों ने मौत की सजा सुनाई है।
मंत्री ने अपने जवाब में कहा, ‘‘मंत्रालय के पास उपलब्ध सूचना के अनुसार, विदेशी अदालतों ने 54 भारतीय नागरिकों को मौत की सजा सुनाई है।’’
यह पूछे जाने पर कि सरकार ऐसे नागरिकों के जीवन को बचाने के लिए क्या सक्रिय उपाय करती है, सिंह ने कहा, ‘‘भारत सरकार विदेशों में भारतीयों के कल्याण को उच्च प्राथमिकता देती है और संकट में पड़ने वाले लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करती है, जिसमें सुश्री निमिषा प्रिया का मामला भी शामिल है। सरकार इस मामले में हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।’’
मंत्रालय से बहरीन, इराक, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में मौत की सजा का सामना कर रहे भारतीयों की कुल संख्या के बारे में भी पूछा गया था।
सिंह ने अपने जवाब में इन देशों के आंकड़े साझा किए जिसके अनुसार संयुक्त अरब अमीरात में 29, सऊदी अरब में 12, कुवैत में तीन और कतर में एक भारतीय नागरिक को मौत की सजा सुनायी गयी है।
उन्होंने कहा, ‘‘विदेश में भारतीय मिशन या पोस्ट सजा पाए भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता प्रदान करते हैं...भारतीय मिशन जेलों का दौरा करके और संबंधित विदेशी देशों के न्यायालयों, जेलों, लोक अभियोजकों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ उनके मामलों पर अनुवर्ती कार्रवाई करके राजनयिक पहुंच प्रदान करते हैं। जेल में बंद भारतीय नागरिकों को अपील दायर करने, दया याचिका दायर करने सहित विभिन्न कानूनी उपायों की तलाश में भी मदद की जाती है।’’
एक अन्य सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विदेश मंत्रालय के पास उपलब्ध सूचना के अनुसार, ‘‘वर्तमान में विदेशी जेलों में विचाराधीन कैदियों सहित भारतीय कैदियों की कुल संख्या 10,152 है।’’
मंत्रालय के पास उपलब्ध सूचना के अनुसार विदेशी जेलों में बंद भारतीय विचाराधीन कैदियों की संख्या फिलहाल 2,684 है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)