नयी दिल्ली, 27 सितंबर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने स्वस्थ और संतुलित आहार पर जोर देते हुए रविवार को लोगों का आह्वान किया कि वे स्वाद पर ध्यान देने के बदले पौष्टिक भोजन करें।
नायडू ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा कि फिटनेस दिनचर्या के अलावा स्वस्थ और संतुलित आहार लेना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि तेजी से शहरीकरण और आधुनिक जीवनशैली से लोगों के भोजन की आदतों में काफी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि ‘‘हम नियंत्रण करें और अपने खाने की आदतों में बदलाव लाएं।’’
नायडू ने कहा, ‘‘हमें सिर्फ स्वाद के लिए भोजन नहीं करना चाहिए। हमें याद रखना चाहिए कि हम वही होते हैं जो हम खाते हैं और खाना पोषण के लिए है। हमें बिना विचारे भोजन करने के बदले पौष्टिक और प्रोटीन युक्त भोजन अपनाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी से सामान्य जीवन के प्रभावित होने से लोगों को भोजन की सदियों पुरानी पारंपरिक आदतों के लौटने के महत्व का एहसास हुआ है।’’
उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से हमारे पूर्वजों ने हर मौसम और क्षेत्र के अनुरूप विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक मसालों और अन्य सामग्रियों को अपने भोजन में शामिल किया।
नायडू ने कहा कि इस महामारी के बीच अधिक से अधिक लोग घर में बने जैविक भोजन पर जोर देने लगे हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि स्वस्थ जीवन के लिए लोगों को दिनचर्या और ऋतुचर्या के सिद्धांतों का पालन करना होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY