देश की खबरें | भुवनेश्वर से पोर्ट ब्लेयर, गाजियाबाद के लिए उड़ान सेवाएं 30 मार्च से शुरू होंगी

भुवनेश्वर, छह मार्च भुवनेश्वर से गाजियाबाद और पोर्ट ब्लेयर के लिए सीधी उड़ान सेवाएं 30 मार्च से शुरू होंगी। ओडिशा मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी, "नई गंतव्य नीति के तहत गाजियाबाद (हिंडन) और पोर्ट ब्लेयर के लिए नई उड़ानें जल्द ही शुरू होने जा रही हैं जिससे पर्यटन, व्यापार और निर्बाध कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष आभार।"

ओडिशा की प्रगति को रेखांकित करते हुए सीएमओ ने कहा, "विकसित ओडिशा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए राज्य बेहतर क्नेक्टिविटी की ओर अग्रसर हो रहा है जिससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान समृद्ध होगा।"

इन उड़ान सेवाओं का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस करेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, हिंडन हवाई अड्डे से उड़ान सुबह 9:20 बजे रवाना होगी और 11:45 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी। वापसी में, यह दोपहर 12:15 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरेगी और 2:30 बजे हिंडन पहुंचेगी।

इसी तरह, भुवनेश्वर से पोर्ट ब्लेयर के लिए उड़ान सुबह 10:35 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:55 बजे पहुंचेगी। वापसी में, यह दोपहर 1:25 बजे पोर्ट ब्लेयर से उड़ान भरेगी और 3:35 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)