देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया, घुसपैठ की कोशिश नाकाम की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (परिवर्तित डेटलाइन से)
(परिवर्तित डेटलाइन से)
कुपवाड़ा, 16 जून जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को पांच हथियारबंद विदेशी आतंकवादियों को मार गिराया और कहा कि यह 2021 के बाद नाकाम किया गया घुसपैठ का ‘सबसे बड़ा प्रयास’ था। उसी साल भारत और पाकिस्तान ने संघर्षविराम समझौता लागू किया था।
सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा जुटायी गयी विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर बृहस्पतिवार केरन सेक्टर के जुमागुंड क्षेत्र में एक अभियान शुरू किया।
मीडिया को संबोधित करते हुए सेना की 28वीं डिवीजन के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग’ मेजर जनरल गिरीश कालिया ने बताया कि उस सूचना के आधार पर घुसपैठ के प्रत्याशित मार्गों पर गोपनीय रूप से सैनिकों की तैनाती की गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘ साथ ही, समूचे इलाके , नियंत्रण रेखा बाड़ या घुसपैठ रोधी तंत्र पर निगरानी रखी गयी।’’
उन्होंने कहा कि करीब आधीरात को चौकस सैनिकों को आतंकवादियों की आवाजाही नजर आयी । उनके अनुसार विषम भौगोलिक स्थिति और मौसम के बावजूद ये सैनिक वहां डटे थे।
कालिया ने कहा, ‘‘ घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गयी और मुठभेड़ में पांच अज्ञात आतंकवादियों को मार गिराया गया।’’ इस दौरान सैनिकों को किसी तरह का नुकसान नहीं उठाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के पास भारी मात्रा में हथियार थे और वे अच्छी तरह प्रशिक्षित थे।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल का शुक्रवार सुबह मुआयना करने पर वहां से पांच ए के सीरीज की राइफल, पांच मैगजीन, ग्रेनेड समेत भारी मात्रा में हथियार एवं गोलाबारूद तथा, रात्रि में देखने के काम आने वाले (नाइट विजन) उपकरण, दूरबीन आदि बरामद हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 16, 2023 08:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

