देश की खबरें | बहराइच में सड़क दुर्घटना में एक परिवार के पांच लोगों की मौत, 11 घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बहराइच-गोंडा राजमार्ग पर मंगलवार को ‘डबल डेकर’ बस और टेंपो के बीच हुई आमने सामने की टक्कर में एक ही परिवार की दो महिलाओं और दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गयी।
बहराइच (उप्र), 15 अप्रैल बहराइच-गोंडा राजमार्ग पर मंगलवार को ‘डबल डेकर’ बस और टेंपो के बीच हुई आमने सामने की टक्कर में एक ही परिवार की दो महिलाओं और दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गयी।
टेंपो में सवार परिवार के 11 अन्य लोग घायल हो गये। बहराइच की जिलाधिकारी मोनिका रानी ने संवाददाताओं से बताया कि बहराइच जनपद के थाना हुज़ूरपुर अंतर्गत ग्राम हिरईपुर निवासी एक परिवार के 16 लोग एक टेंपो पर सवार होकर पयागपुर थानांतर्गत कोलुहवा गांव में अपने रिश्तेदार के घर आयोजित एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
टेंपो चालक सड़क पर जा रहे एक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहा था, तभी बहराइच से गोंडा जा रही एक बस की टेंपो से आमने सामने की टक्कर हो गयी।
इस हादसे में अमजद (45), फहाद (05), अजीम (12), मरियम (65) और मुन्नी (45) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। हादसे में घायल 11 अन्य लोगों को बहराइच के महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है।
मृतक बच्चे की मां ने जिला चिकित्सालय में पत्रकारों को बताया कि कोल्हुवा गांव में मोहम्मद याकूब का निकाह हुआ था और आज उसकी ‘दावते वलीमा’ (प्रीति भोज) थी। उसने कहा कि परिवार के 16 लोग टेंपो से इसी भोज में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
जिलाधिकारी मोनिका रानी और पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल-चाल लिया।
पुलिस ने बस के चालक को हिरासत में लिया है। जांच करने पर जानकारी हुई कि बस कॉन्ट्रैक्ट परमिट पर गोंडा से दिल्ली चलती थी। दुर्घटना के समय बस में कोई यात्री नहीं था। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 15, 2025 07:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

