इंफाल, 16 जनवरी मणिपुर पुलिस के पांच कर्मियों को बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि ये पुलिस कर्मी भारत-म्यांमा सीमा से सटे शहर मोरेह से हेरोइन और अन्य मादक पदार्थों की खेप राजधानी इंफाल ले जा रहे थे। एक अनुमान के अनुसार बरामद मादक पदार्थों की कीमत करोड़ों रुपये है।
बयान में ककचिंग के पुलिस अधीक्षक श्रेय वत्स ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 102 पर कुराओपोकपी इलाके में वाहनों की जांच के दौरान मादक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बयान में कहा गया है कि वे मारूति जिप्सी वाहन से इंफाल जा रहे थे।
आरोपियों की पहचान हवलदार के. अचौबा सिंह, कांस्टेबल वाई. दिनेश्वर सिंह और राइफलमैन टी. सुभाष चौथे, एम. प्रेमचंद्र सिंह और एन. दोरेंद्रजीत सिंह के तौर पर हुई है।
एक कर्मी के पास से 80,000 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
आगे की जांच के लिए, आरोपियों को ककचिंग पुलिस को सौंप दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY