गौतम बुद्ध नगर में राशन कार्ड धारकों को पांच किलो चावल, एक किलो चना दिया जा रहा है नि:शुल्क
नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण के मद्देनजर सुबह से ही जिले में सरकारी राशन की दुकानों पर लंबी कतारें लगी हैं।
नोएडा (उप्र), 15 मई गौतम बुद्ध नगर जिले में उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश पर शुक्रवार से सभी राशन कार्ड धारकों को पांच किलोग्राम चावल और एक किलोग्राम चना नि:शुल्क दिया जा रहा है।
नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण के मद्देनजर सुबह से ही जिले में सरकारी राशन की दुकानों पर लंबी कतारें लगी हैं।
जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण के चलते लागू किए गए लॉकडाउन के कारण लोगों को खाद्यान्न की कोई परेशानी ना हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रत्येक राशन कार्ड धारक को पांच किलोग्राम चावल तथा एक किलोग्राम चना नि:शुल्क देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि इसके तहत शुक्रवार को जिला आपूर्ति विभाग ने राशन बांटने का काम शुरू कराया है।
चौहान ने बताया कि यहां राशन की सभी दुकानों पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए राशन वितरित किया जा रहा है। राशन विक्रेताओं को संक्रमण से बचाव के लिए पीपीई किट उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार के आदेशानुसार सभी राशनकार्ड धारकों को राशन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। नि:शुल्क राशन मिलने की सूचना पाकर भारी संख्या में श्रमिक सुबह से ही राशन की दुकानों पर कतार में खड़े हो गए। कई जगह अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

