दिल्ली के कापसहेड़ा के निकट पथराव की घटना में हरियाणा के पांच पुलिसकर्मी घायल
जमात

चंडीगढ़, 20 मई राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कापसहेड़ा में ​हरियाणा में प्रवेश करने से रोके जाने पर कुछ लोगों ने कथित रूप से पथराव किया जिससे ​हरियाणा पुलिस के पांच जवान घायल हो गये । अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी ।

ऐसी खबरें है कि कुछ लोग गुरूग्राम के उद्योग विहार जाना चाहते थे लेकिन दिल्ली गुरूगाम सीमा पर हरियाणा पुलिस ने उन्हें रोक दिया । ये संभवत: श्रमिक थे।

अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा ने अपनी सीमाओं पर सख्त निगरानी रखी है। इसके बावजूद उन्होंने घुसने की कोशिश की। इस क्रम में पुलिस से उनकी झड़प हुई।

उन्होंने बताया कि इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गये ।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि दिल्ली हरियाणा सीमा पर कापसहेड़ा में पथराव की घटना हुयी है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग सीमा पार कर हरियाणा में प्रवेश करने का प्रयास करने लगे लेकिन उन्हें रोक दिया गया ।

विज ने बताया, 'वे चाहते थे कि उनके लिये सीमा खोली जाये ताकि वह हरियाणा में प्रवेश कर सकें। उन लोगों ने हरियाणा पुलिस पर पथराव किया ।'

उन्होंने बताया, 'मैने कहा कि किसी भी परिस्थिति में सीमायें नहीं खोली जायेंगी । दिल्ली उच्च न्यायालय ने हमें निर्देश दिया है डॉक्टरों, आवश्यक वस्तुओं के वाहन चालकों, दिल्ली नगर निगम में काम करने वालों तथा मेडिकल कर्मियों जैसे कुछ खास मामलों में ही अंतर्राज्यीय आवाजाही को अनुमति दी जानी चाहिये ।'

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)