एजेंसी न्यूज

मुरादाबाद में आग लगने से एक ही परिवार के तीन बच्‍चों समेत पांच की मौत

मुरादाबाद जिले के गलशहीद थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में बृहस्पतिवार की रात शार्ट सर्किट से तीन मंजिले मकान की गोदाम में आग लग गई, जिससे एक ही परिवार के तीन बच्‍चों समेत पांच लोगों की झुलसकर मौत हो गयी. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

मुरादाबाद में आग लगने से एक ही परिवार के तीन बच्‍चों समेत पांच की मौत
(Photo Credits : Twitter)

मुरादाबाद (उप्र), 26 अगस्त : मुरादाबाद जिले के गलशहीद थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में बृहस्पतिवार की रात शार्ट सर्किट से तीन मंजिले मकान की गोदाम में आग लग गई, जिससे एक ही परिवार के तीन बच्‍चों समेत पांच लोगों की झुलसकर मौत हो गयी. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, घनी आबादी वाले असालतपुरा मोहल्ले में कबाड़ कारोबारी इरशाद का तीन मंजिला मकान है, जिसमें निचले तल के हॉल में कबाड़ का गोदाम बनाया गया था, जबकि परिवार के सदस्य मकान में पहली और दूसरी मंजिल पर रह रहे थे.

उत्तराखंड के रानीखेत में रहने वाला इरशाद का बेटा अयाज शुक्रवार को परिवार में एक शादी समारोह के लिए अपनी पत्नी शमा परवीन (36), बेटी जुबिया (सात) और बेटे एबाद (पांच) के साथ आया था. घर में कुछ अन्य रिश्तेदार भी मौजूद थे. पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे गोदाम में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरा मकान आग की चपेट में आ गया. स्‍थानीय निवासियों ने परिवारजनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस बीच अयाज की पत्नी शमा परवीन, बेटी जुबिया और बेटा एबाद के साथ अयाज की मां कमर जहां (75) और भतीजी उमेया (12) गंभीर रूप से झुलस गयीं. उन्‍हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां सभी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. यह भी पढ़ें : Karnataka: पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चा हुए बेसहारा

सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हेमंत कुटियाल ने घटनास्थल का दौरा किया और घटना का बारीकी से निरीक्षण किया. एसएसपी ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है, लेकिन आग लगने के वास्तविक कारण का पता मुख्य अग्निशमन अधिकारी की जांच रिपोर्ट के बाद चलेगा.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2022 12:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).