खेल की खबरें | पहली लंका प्रीमियर लीग 21 नवंबर स्थगित

कोलंबो, 30 सितंबर श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बुधवार को पहली लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) को 21 नवंबर तक स्थगित कर दिया जिससे कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को श्रीलंका सरकार के पृथकवास नियमों को पूरा करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाए।

इस टी20 टूर्नामेंट को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर को शुरू होना था लेकिन बदलाव के बाद अब यह 21 नवंबर से शुरू होगा।

यह भी पढ़े | RR vs KKR, IPL 2020: आज कोलकाता नाइट राइडर्स से होगी राजस्थान रॉयल्स की भिडंत.

एक अक्टूबर को होने वाला खिलाड़ियों का ड्राफ्ट भी अब नौ अक्टूबर को होगा।

एलपीएल के टूर्नामेंट निदेशक रेविन विक्रमारत्ने ने कहा, ‘‘आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 10 नवंबर तक चलेगा, हमने सोचा कि आईपीएल में खेल रहे उन खिलाड़ियों को समय दिया जाए जो एलपीएल में खेलना चाहते हैं।’’

यह भी पढ़े | SRH vs DC, IPL 2020: सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 15 रनों से दी शिकस्त.

यूएई में चल रहे आईपीएल का फाइनल 10 नवंबर को होगा। आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के शीर्ष खिलाड़ी इस लीग में खेल रहे हैं।

यह दूसरी बार है जब एलपीएल के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। शुरुआत में इसका आयोजन 28 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होना था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया।

यह टूर्नामेंट श्रीलंका में तीन अंतरराष्ट्रीय स्थलों रनगिरी दाम्बुला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, पाल्लेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और सुरियावेवा महिंदा राजपक्षे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।

इस 15 दिन चलने वाले टूर्नामेंट में पांच टीमों के बीच 23 मैच खेले जाएंगे।

पांच टीमों कोलंबो, कैंडी, गॉल, दाम्बुला और जाफना जिले के नाम पर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)