विदेश की खबरें | अंतरराष्ट्रीय ऋणदाताओं की कड़ी निगरानी खत्म होने के बाद पहली बार हुआ यूनान में चुनाव
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

एथेंस, 21 मई (एपी) करीब तीन दशक के वित्तीय संकट के दौरान स्थिति से उबरने के लिए कर्ज देने वाले अंतरराष्ट्रीय ऋणदाताओं की यूनान की अर्थव्यवस्था पर कड़ी निगरानी और नियंत्रण खत्म हो जाने के बाद देश में रविवार को पहला चुनाव हुआ।

यूनानी अधिकारियों ने मतदान के शीघ्र बाद चुनाव परिणाम देने का वादा किया है। आईटी कंपनी सिंगुलर लॉजिक ने एक टेलीविजन साक्षात्कार में कहा कि रात साढे आठ बजे तक परिणाम का अनुमान लगाने के लिए पर्याप्त आंकड़े होंगे।

इस आईटी कंपनी को परिणाम सौंपने की जिम्मेदारी दी गयी है।

इस चुनाव में कंजरवेटिव प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस(55) और वामपंथी सिरिजा पार्टी के प्रमुख एलेक्सिस सिप्रास के बीच मुकाबला है। मित्सोताकिस हार्वर्ड विश्वविद्यालय से पढे-लिखे हैं और बैंक के अधिकारी रह चुके हैं। सिप्रास आर्थिक संकट के दौरान कुछ समय प्रधानमंत्री रहे थे।

मित्सोताकिस ने बार बार कहा है कि अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने जो काम किया है, उसे आगे बढ़ाने के लिए उन्हें दूसरा कार्यकाल चाहिए।

सिप्रास ने इस वर्तमान सरकार के रिकॉर्ड की खराब तस्वीर पेश की और बदलाव की जरूरत पर बल दिया।

जीवनयापन की बढ़ती लागत मतदाताओं के लिए एक अहम मुद्दा है।

एथेंस के निवासी दिमित्रिस होंड्रोगियानिस (54) ने कहा, ‘‘ हर साल चीजें सुधरने के बजाय बिगड़ती ही जा रही हैं। सामान महंगा है। हर रोज, चीजें नियंत्रण के बाहर जा रही हैं। खरीदारी के लिए सुपरमार्केट जाने में डर लगता है। हम देखेंगे कि चीजें कैसे बढ़ेंगी।’’

उन्होंने कहा कि उन्हें स्थिर सरकार की उम्मीद है, जो खाद्य पदार्थों एवं अन्य वस्तुओं के दामों को घटाने में मदद करेगी।

हालांकि, चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में मित्सोताकिस लगातार आगे रहे हैं, आनुपातिक प्रतिनिधित्व की एक नई शुरू की गई चुनावी प्रणाली से यह संभावना कम हो जाती है कि जो कोई भी चुनाव जीतता है, वह गठबंधन सहयोगियों की तलाश के बिना सरकार बनाने के लिए यूनान की 300 सदस्यीय संसद में पर्याप्त सीट हासिल करने में सक्षम होगा।

विजेता के पास अन्य दलों के साथ गठबंधन के सिलसिले में वार्ता के लिए तीन दिन होंगे। यदि वह विफल रहता है, तो सरकार बनाने का मौका दूसरी सबसे बड़ी पार्टी को मिलेगा।

कुल 32 दल चुनाव मैदान में हैं।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)