Bhiwandi Fire: मुंबई से सटे भिवंडी में कपड़ा प्रिंटिंग कंपनी में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू (Watch Video)
महाराष्ट्र के भिवंडी में एक डाइंग और छपाई कंपनी में भीषण आग लग गई है. तीन मंजिला इमारत में फैली इस आग को बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं.
Bhiwandi Fire: मुंबई से सटे ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में शनिवार तड़के एक डाइंग (रंगाई) और छपाई कंपनी में भीषण आग लग गई. यह घटना शहर के खोक्खा कंपाउंड स्थित 'निलेश डाइंग कंपनी' में हुई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी तीन मंजिला इमारत आग की लपटों और धुएं के गुबार से घिर गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
दमकल विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन
दमकल अधिकारी सचिन पवार ने बताया कि आग काफी भीषण है और इसे नियंत्रित करने के लिए दमकल कर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं. मौके पर भिवंडी और कल्याण से दमकल की 5 गाड़ियां तैनात की गई हैं. इलाके में धुआं अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को इमारत के अंदर पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. सुरक्षा के लिहाज से आसपास की बिजली काट दी गई है और नजदीकी रिहायशी इलाके को भी सतर्क कर दिया गया है. यह भी पढ़े: Bhiwandi Fire Accident: ठाणे के भिवंडी में रिचलैंड कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद; VIDEO
भिवंडी में लगी भीषण आग
Bhiwandi, Maharashtra: A major fire broke out late at Nilesh Dyeing Company in Khokha Compound, engulfing the three-storey building. Five fire engines from Bhiwandi and Kalyan were deployed to the spot.
Fireman KDMC, Sachin Pawar says, "A fire is currently burning in Khokha… pic.twitter.com/Ijvb1IpqOw
— IANS (@ians_india) February 28, 2026
आधी रात को मचा हड़कंप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आग शनिवार की दरम्यानी रात को लगी. जिस समय आग लगी, उस वक्त कंपनी परिसर और आसपास के इलाकों में शांति थी, लेकिन अचानक उठती लपटों ने हड़कंप मचा दिया. ज्वलनशील रसायनों और कपड़ों की मौजूदगी के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इमारत की तीनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया.
आग पर पाय गया काबू
हालांकि ताजा जानकारी के अनुसार आग पर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है . राहत वाली बात है कि आग में कोई हताहत नहीं नहीं हुआ है.
जान-माल का नुकसान
राहत की बात यह है कि अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि, कंपनी के अंदर रखा लाखों रुपये का कपड़ा, मशीनें और अन्य कीमती सामान जलकर राख होने की आशंका है. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन संदेह जताया जा रहा है कि यह शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकती है.
औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल
भिवंडी एक बड़ा औद्योगिक केंद्र है, जहां कपड़ों की रंगाई और छपाई की सैकड़ों इकाइयां मौजूद हैं. इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा मानकों (Fire Safety Norms) के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन ने कहा है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2026 08:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

