देश की खबरें | मणिपुर में दो समुदायों के ग्रामीण स्वयंसेवकों के बीच गोलीबारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर में जातीय हिंसा से प्रभावित इंफाल पश्चिम जिले में दो समुदायों के ग्रामीण स्वयंसेवकों के बीच रविवार सुबह गोलीबारी शुरू हो गयी।
इंफाल, 28 अप्रैल मणिपुर में जातीय हिंसा से प्रभावित इंफाल पश्चिम जिले में दो समुदायों के ग्रामीण स्वयंसेवकों के बीच रविवार सुबह गोलीबारी शुरू हो गयी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब कांगपोकपी जिले में पड़ोसी पर्वतीय क्षेत्र से कई हथियारबंद लोगों ने इंफाल घाटी की परिधि में कौत्रुक गांव पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू की।
उन्होंने बताया कि कुछ गोलियों से ग्रामीणों के मकानों की दीवारें क्षतिग्रस्त होने की खबरे हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को नजदीकी सुरक्षित इलाकों में ले जाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव पर स्थानीय रूप से निर्मित मोर्टार के गोले ‘पम्पी’ दागे जा रहे हैं जिससे ग्रामीणों में डर पैदा हो गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कौत्रुक के ग्रामीण स्वयंसेवकों ने भी गोलीबारी की। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए इलाके में सुरक्षाकर्मियों को भेजा जा रहा है।
अंतिम रिपोर्ट मिलने तक दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी जारी थी।
मणिपुर में पिछले साल तीन मई को शुरू हुई जातीय हिंसा के बाद से कौत्रुक गांव में दो संघर्षरत समुदायों के ग्रामीण स्वयंसेवकों के बीच गोलीबारी की खबरें आती रही हैं। इसे बंदूक हमले के लिए सबसे संवदेनशील स्थानों में से एक के रूप में चिह्नित किया गया है।
इंफाल घाटी में रहने वाले मेइती और पड़ोसी पर्वतीय क्षेत्र में रहने वाले कुकी के बीच पिछले साल तीन मई से जातीय हिंसा में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गयी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2024 10:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

