देश की खबरें | मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के भोजनालय में आग लगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) रेलवे स्टेशन के परिसर में स्थित एक भोजनालय में बुधवार दोपहर आग लग गई, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
मुंबई, 13 दिसंबर मुंबई में लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) रेलवे स्टेशन के परिसर में स्थित एक भोजनालय में बुधवार दोपहर आग लग गई, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना प्लेटफॉर्म संख्या एक के पास हुई और आग की वजह से ऊपर से जा रहे तारों (ओवरहेड तार) में विद्युत प्रवाह एहतियाती उपाय के तहत अस्थायी रूप से रोक दिया गया जिससे ट्रेन के परिचालन में देरी हो सकती है।
मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि एलटीटी स्टेशन परिसर में स्थित 'जन आहार' कैंटीन में अपराह्न करीब पौन तीन बजे आग लग गई।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जब यह घटना हुई तब प्लेटफॉर्म संख्या एक पर कोई यात्री ट्रेन नहीं थी।
उन्होंने कहा, “ ‘जन आहार’ कैंटीन स्टेशन के मुख्य टिकट बुकिंग काउंटर के ऊपर पहली मंजिल पर स्थित है। आग लगने के बाद बुकिंग काउंटर और उद्घोषणा केंद्र तुरंत खाली करा लिए गए।”
दमकल विभाग, मुंबई पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल सहित विभिन्न एजेंसियों के कर्मियों को मौके पर बुलाया गया था।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने कहा कि बाद में दमकलकर्मियों ने इसे दूसरे स्तर की आग (आग की बड़ी घटना) घोषित किया और कहा कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवराज मानसपुरे ने बताया कि अपराह्न साढ़े तीन बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
एक अधिकारी ने बताया, “ कैंटीन में आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर मध्य रेलवे ने एलटीटी स्टेशन पर ऊपर से जा रहे तारों में विद्युत प्रवाह रोक दिया है। इससे ट्रेन के आगमन और प्रस्थान में देरी हो सकती है।”
आग लगने की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें रेलवे स्टेशन की छत से काला धुआं उठता देखा जा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)