देश की खबरें | कांग्रेस नेता प्रताप बाजवा संबंधी ‘वीडियो’ पर आप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा की शिकायत पर एक वीडियो के संबंध में आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 11 जुलाई कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा की शिकायत पर एक वीडियो के संबंध में आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बाजवा ने सत्तारूढ़ दल पर शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के मामले से संबंधित उनके द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में कथित तौर पर छेड़छाड़ करने और फिर इसे प्रसारित करने का आरोप लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 336 (4) (जालसाजी), 356 (मानहानि) और 61 (2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बाजवा ने अपनी शिकायत में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हाल ही में, पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने मजीठिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उनकी पत्नी गनीव कौर पंजाब विधानसभा की सदस्य हैं। कानून का घोर उल्लंघन करते हुए, पंजाब सतर्कता ब्यूरो के अधिकारी उनके घर में घुस गए और यहां तक कि उनके शयनकक्ष में भी चले गए। एक महिला के प्रति ऐसा आचरण अस्वीकार्य और कानून के विपरीत है।’’
बाजवा ने कहा कि उन्होंने पंजाब सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों की कार्रवाई की आलोचना करते हुए 25 जून को अपराह्न 3.13 बजे सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तीन मिनट 48 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के प्रति भी इसी तरह के व्यवहार पर प्रकाश डाला।
उन्होंने आरोप लगाया कि ‘एक्स’ और फेसबुक पर आप के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से गनीव कौर और एक महिला विधायक के रूप में उनकी स्थिति के संदर्भ को हटाने के लिए उनके वीडियो को संपादित किया गया।
बाजवा ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘वीडियो में यह दिखाने के लिए छेड़छाड़ की गई कि मैं मजीठिया का समर्थन करता हूं। इसके बाद, आप नेताओं ने इन संपादित वीडियो को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खातों पर साझा करना और सोशल मीडिया पर प्रसारित करना शुरू कर दिया, ताकि यह संदेश जाए कि मैंने मजीठिया का समर्थन किया, जो जांच के दायरे में हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने संपादित वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया और मंत्री अमन अरोड़ा ने भी आप की पंजाब इकाई के फेसबुक पेज पर ऐसा ही किया।
बाजवा ने आरोप लगाया, ‘‘यह संपादित वीडियो जानबूझकर मेरी और कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रसारित किया गया। मुझे बदनाम किया गया और अभियोजन का सामना कर रहे एक व्यक्ति का समर्थन करने तथा कानून तोड़ने वालों का साथ देने का झूठा आरोप लगाया गया, जबकि पंजाब सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों के आचरण के संबंध में मैंने जो मूल मुद्दा उठाया था, वह पीछे छूट गया।’’
उन्होंने इसमें शामिल व्यक्तियों के खिलाफ लगे आरोपों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने और जांच की मांग की।
बाजवा ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘लोकतंत्र अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान करता है, लेकिन किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और जनता को गुमराह करने के लिए वीडियो के निर्माण एवं छेड़छाड़ की अनुमति नहीं देता। इसलिए, मैं अनुरोध करता हूं कि जल्द से जल्द आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

