पोरबंदर, नौ अक्टूबर गुजरात पुलिस ने अरब सागर में सात भारतीय मछुआरों के अपहरण और हत्या के प्रयास के मामले में पाकिस्तानी नौसेना के 20 से 25 कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
प्राथमिकी के अनुसार, यह घटना छह अक्टूबर को शाम पांच बजे के आसपास तब हुई, जब 'हरसिद्धि' नामक भारतीय नौका पर सवार चालक दल के सात सदस्य जखाऊ तट पर भारतीय जलक्षेत्र में मछलियां पकड़ रहे थे।
इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी की 'पीएमएसए बरकत 1060' नामक नौका पर सवार 20 से 25 वर्दीधारी जवानों ने भारतीय नाव पर अकारण गोलीबारी शुरू कर दी और उन्होंने मछुआरों का अपहरण कर लिया तथा उन्हें अपने जहाज पर ले गए।
पोरबंदर के पुलिस अधीक्षक रवि मोहन सैनी ने कहा कि मछुआरों को बचा लिया गया और शुक्रवार को भारतीय तटरक्षक बल की नौका से उन्हें गुजरात के कच्छ जिले के जखाऊ बंदरगाह लाया गया।
प्राथमिकी के अनुसार, मछुआरों को डंडों से पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए। आरोपी व्यक्तियों ने मछुआरों का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया और धमकी देने के बाद उन्हें छोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि जखाऊ में प्राथमिकी दर्ज कर इसे पोरबंदर जिले के नवीबंदर थाने में स्थानांतरित कर दिया गया।
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 365 , 427 , 324 और 506 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY