इरफान के निधन पर फिल्म उद्योग ने शोक जताया
इरफान को 2018 में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर होने का पता चला था।
मुंबई, 29 अप्रैल लंबे समय से एक दुर्लभ किस्म के कैंसर से जूझ रहे अभिनेता इरफान खान का मुम्बई के एक अस्पाताल में बुधवार को निधन हो गया। उनके साथ काम कर चुके कलाकारों, निर्देशकों सहित फिल्म जगत से जुड़े विभिन्न लोगों ने उनके निधन पर शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इन सभी का मानना है कि इरफान समय से बहुत पहले इस दुनिया को छोड़ गए।
इरफान को 2018 में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर होने का पता चला था।
उनके परिवार में पत्नी सुतापा और दो बेटे बाबिल तथा अयान हैं।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता इरफान ने ‘लाइफ ऑफ पाई’, ‘द नेमसेक’ और ‘हासिल’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभा कर अपने अभिनय से लोगों का दिल जीत लिया था।
फिल्म ‘पीकू’ में उनके साथ काम कर चुके अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ एक अविश्वसनीय प्रतिभा ... एक बेहतरीन सहयोगी ... सिनेमा की दुनिया में शानदार योगदान देने वाले.... बेहद जल्दी अलविदा कह गए.... उनके जाने से एक खालीपन आ गया है... प्रार्थना और दुआ।’’
इरफान के निधन की खबर सबसे पहले देने वालों में शामिल शूजित सरकार ने कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र इरफान। तुम लड़े, लड़े और लड़ते रहे। मुझे हमेशा तुम पर गर्व रहेगा.... हम दोबारा मिलेंगे।’’
इरफान के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए शाहरुख खान ने ट्वीट किया, ‘‘मेरे दोस्त... प्रेरणा और हमारे समय के सबसे महान अभिनेता। अल्लाह आपकी आत्मा को शांति दे इरफान भाई ... आपकी कमी काफी खलेगी।’’
शाहरुख ने इरफान के साथ "बिल्लू" फिल्म में काम किया था।
निर्देशक विशाल भारद्वाज ने इरफान के साथ "मक़बूल" और "हैदर" सहित तीन फिल्मों में काम किया। उन्होंने कहा कि ऐसा महसूस हो रहा है कि इरफ़ान के साथ साथ उनका अपना एक हिस्सा मर गया।
भारद्वाज ने पीटीआई- से कहा, "मुझे डर था कि वह अपने समय से बहुत पहले चले जाएंगे लेकिन यह उम्मीद नहीं थी कि इसका मुझ पर ऐसा असर होगा। ऐसा लगता है, जैसे मैं दो हिस्सों में बंट गया हूं। मेरा एक हिस्सा उनके साथ ही मर गया है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 06:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

