नयी दिल्ली, 17 जुलाई आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) ने कहा है कि ज्यादातर बहुराष्ट्रीय कंपनियों पर अगले साल से 15 प्रतिशत का वैश्विक न्यूनतम कर लगाया जाएगा।
ओईसीडी ने जी-20 की बैठक में पेश अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा कि 2025 तक लगभग 90 प्रतिशत बहुराष्ट्रीय कंपनियों का राजस्व 75 करोड़ यूरो से अधिक होगा और उन पर परिचालन वाले देशों में कर लगाया जाएगा।
जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों के लिए तैयार इस रिपोर्ट के मुताबिक, ''वैश्विक न्यूनतम कर लागू करने की प्रक्रिया अच्छी तरह आगे बढ़ रही है और अगले साल की शुरुआत में इसे लागू किया जाएगा।''
ओईसीडी ने कहा कि अब तक लगभग 50 देशों ने वैश्विक न्यूनतम कर को लागू करने के लिए कदम उठाए हैं। इनमें जी20 के आधे सदस्य और यूरोपीय संघ के सभी सदस्य देश शामिल हैं।
रिपोर्ट में आगे कहा गया, ''वैश्विक न्यूनतम कर के कार्यान्वयन में तेजी जारी है और हमारा अनुमान है कि 2025 तक 75 करोड़ यूरो से अधिक राजस्व वाले लगभग 90 प्रतिशत वैश्विक बहुराष्ट्रीय उद्यम (एमएनई) 15 प्रतिशत के न्यूनतम प्रभावी कर के अधीन होंगे।''
वैश्विक न्यूनतम कर का मकसद कम कर दरों के जरिए देशों के बीच कर प्रतिस्पर्धा को हतोत्साहित करना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY