देश की खबरें | किसान संगठन ने फलस्तीनी लोगों के लिए पांच लाख रुपये दान किए

नयी दिल्ली, 14 नवंबर किसानों के संगठन कीर्ति किसान यूनियन ने बृहस्पतिवार को फलस्तीन के लोगों की मानवीय सहायता के लिए यहां उसके मिशन के माध्यम से पांच लाख रुपये दान किए।

किसान संगठन ने फलस्तीन में चल रहे संघर्ष के कारण मुसीबतों का सामना कर रहे लोगों के साथ एकजुटता भी व्यक्त की है।

कीर्ति किसान यूनियन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां फलस्तीनी दूतावास में भारत में फलस्तीन के राजदूत अबेद एल्राजीग अबू जाजर से मुलाकात की और यह धनराशि दी।

कीर्ति किसान यूनियन ने पश्चिम एशिया में स्थायी युद्धविराम की जरूरत पर जोर देते हुए मांग की कि संयुक्त राष्ट्र फलस्तीन के मुद्दे का स्थायी समाधान ढूंढे।

कीर्ति किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष निरभय सिंह ढुडीके, महासचिव राजिंदर सिंह दीप सिंह वाला, प्रेस सचिव रमिंदर सिंह पटियाला, उपाध्यक्ष जतिंदर सिंह छीना और कोषाध्यक्ष जसविंदर सिंह झबेलवाली शामिल थे।

बाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए किसान संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि मानव सभ्यता के इतिहास में सबसे भयानक नरसंहार अमेरिका जैसी प्रमुख शक्तियों के 'उकसावे' पर इजराइल द्वारा किया जा रहा है, जिसमें अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है।

यूनियन के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हमने इजराइल द्वारा फलस्तीनी लोगों के नरसंहार की निंदा की है। यह मानव सभ्यता के इतिहास का काला अध्याय है।’’

कीर्ति किसान यूनियन ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और अन्य संगठनों से भी गाजा के लोगों को सहायता प्रदान करने की अपील की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)